कारोबारी के फ्लैट से 65 तोला सोना और 13 लाख रुपये नकद चोरी

Mar 15 2022

ग्वालियर। मुरार में आढ़त, फाइनेंस के साथ फर्नीचर का कारोबार करने वाले योगेश अग्रवाल के फ्लैट से चोरों ने ताले चटका कर चोर अलमारी का ताला तोड़कर 65 तोला सोना व डेढ़ किलो चांदी के गहनों के अलावा 13 लाख रुपये नकद चोरी कर ले गए। वारदात रिवरव्यू कालोनी स्थित साईं काका अपार्टमेंट में हुई। चोरों ने व्यापारी के फ्लैट के सामने स्थित श्रीकृष्ण शर्मा के फ्लैट के भी ताले चटकाए हैं। चोरी की सूचना मिलते ही व्यापारी योगेश अग्रवाल के घर पर बीज निगम के अध्यक्ष मुन्नालाल गोयल अन्य व्यापारियों के साथ पहुंच गए। एसएसपी अमित सांघी व एएसपी राजेश दंडौतिया भी घटनास्थल पर पहुंचे। चोरों का सुराग लगाने के लिए फिंगर प्रिंट टीम को भी मौके पर बुलाया गया। एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों को चोरों का सुराग लगाने के लिए फ्लैट तक आने व जाने के रास्ते में लगे एक-एक सीसीटीवी कैमरे की रिकार्डिंग चेक करने के निर्देश दिए हैं। 
योगेश अग्रवाल की पत्नी सुबह अपनी बहन से मिलने सराफा बाजार स्थित अपने मायके गई थीं। उसके बाद योगेश अग्रवाल भी फ्लैट पर ताला लगाकर अपने प्रतिष्ठान पर आ गए। घर लौटने पर फ्लैट का ताला टूटा देखकर योगेश अग्रवाल अवाक रह गए।
योगेश अग्रवाल फ्लैट का दरवाजा खोलकर अंदर पहुंचे तो अलमारी का भी ताला टूटा था। अलमारी के कपड़े और गहनों के खाली बाक्स फर्श पर पड़े थे। चोर घर से 65 तोले सोने व डेढ़ किलो चांदी के गहनों के साथ 13 लाख रुपये चोरी कर ले गए। व्यापारी ने चोरी की सूचना पुलिस को दी। मुरार थाना प्रभारी शैलेंद्र भार्गव पुलिस बल के साथ पड़ताल करने मौके पर पहुंचे।
पड़ोसी के फ्लैट में भी चोरी, 18 हजार व दो सोने की चूड़ी ले गए
योगेश के घर के सामने श्रीकृष्ण शर्मा का फ्लैट है। उनके फ्लैट पर भी ताला लगा था। चोरों ने व्यापारी के साथ उनके फ्लैट के भी ताले तोड़ दिए। चोर 18 हजार रुपये व दो सोने की चूड़ी समेट कर ले गए हैं। 
 व्यापारी के फ्लैट से 65 तोले सोने व डेढ़ किलो चांदी के गहनों के साथ 13 लाख रुपये चोरी की खबर सुनकर व्यापारियों के साथ भाजपा नेता मुन्नालाल गोयल भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से चर्चा कर चोरों का सुराग लगाने के निर्देश दिए हैं।
तहसीलदार के घर हुई चोरी का अब तक नहीं लगा सुराग
सिटी सेंटर स्थित टैगोर नगर स्थित साया अपार्टमेंट में श्योपुर में पदस्थ तहसीदार अनीता तोमर के सूने फ्लैट के ताला तोड़कर 15 लाख रुपये का माल चोरी करने वाले चोरों का सुराग प्रकरण दर्ज होने के तीसरे दिन बाद भी नहीं लगा है। पुलिस अब तक सीसीटीवी कैमरे के फुटेज में ही उलझी है।