प्रेम विवाह करने वाले युगल जोड़े ने एसएसपी से मांगी सुरक्षा

Mar 15 2022

ग्वालियर। प्रेम विवाह करने वाले एक युगल जोड़े ने एसपी ऑफिस पहुंचकर सुरक्षा की देने की गुहार की। उन्होंने बताया कि इससे पहले वे हजीरा थाने भी गए थे। लेकिन पुलिस ने वहां पर उनकी सुनी नहीं। ऐसे में उनकी जान के लिए खतरा पैदा हो गया है। युवती के स्वजन लगातार धमकी दे रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय में एक प्रेमी जोड़े ने खुद की जान की सुरक्षा की गुहार लगाई है। युगल जोड़े ने बताया कि वे बालिग हैं। उन्होंने स्वजन की मर्जी के खिलाफ घर से भागकर 2 मार्च को उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में कोर्ट मैरिज कर ली। शादी करने के बाद जब युवक अपनी पत्नी को लेकर हजीरा स्थित अपने घर पहुंचा तो वहां लड़की के स्वजन धमकाने पहुंच गए। उन्होंने लड़का लड़की को जान से मारने की धमकी दी है। लड़के का कहना है कि वह दलित समाज से है और लड़की राजपूत क्षत्रिय है। इसलिए लड़की के परिजन उनकी शादी को स्वीकार नहीं कर रहे। उनके प्रेम के बीच में जाति बंधन आड़े आ रहा है, लेकिन वह एक दूसरे को बहुत प्यार करते हैं। उनका रिश्ता पिछले 6 साल से चल रहा था। 
उन्होंने अपने रिश्ते को कानूनी रूप से लीगल बनाने के लिए उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में 2 मार्च को कोर्ट मैरिज कर ली। उन्होंने एक आर्य समाज मंदिर में भी जाकर सात फेरे लिए हैं, लेकिन लड़की के परिवार वाले उनके जान के दुश्मन बन गए। नौबत यहां तक आ गई है कि लड़की के परिवार वाले लड़के के घर पर पहुंचकर दबंगई दिखा रहे हैं। उन्होंने घर पर ताला डालकर घर से बेघर कर दिया है। लड़का लड़की इसकी शिकायत नजदीकी पुलिस थाने हजीरा में की, लेकिन लड़की के स्वजनों के दबाव के चलते पुलिस ने कोई एक्शन नहीं लिया। इसलिए मजबूरन छुपते छुपाते पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचना पड़ा। पुलिस अधीक्षक अमित सांघी ने कहा कि लड़का लड़की दोनों बालिग हैं। उन्हें पूर्ण रूप से सुरक्षा प्रदान की जाएगी। लड़की के स्वजनों को बुलाकर समझाइश दी जाएगी। लड़की भी अपने स्वजनों के प्रति दुख जताते हुए कह रही है कि उसके परिवार वाले उसके और उसके पति के साथ साथ पति के घर वालों के जान के दुश्मन बन गए हैं। उन्हें पति के छोटी जात का होना कबूल नहीं है। इसलिए उन्होंने मेरी शादी का विरोध किया है। लड़के का यह भी कहना है कि वे दोनों समाज नहीं मानते हैं हम तो सिर्फ एक दूसरे को प्रेम करते हैं और मरते दम तक एक दूसरे का साथ निभाएंगे।