37 सैकेंड में बुलट बाइक को चुराने का वीडियो वायरल, दो आरोपी पकड़े

Mar 14 2022

ग्वालियर। बुलट को बुलेट की तेजी से चुराने का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया में वायरल हुआ हैं। चोर महज 37 सैकंड में बुलट को चुरा रहा है। बुलट बाइक को किस तरह से चुराया जा रहा है। यह भी वायरल वीडियो में दिखाया गया है। साथ ही चोर ने बताया कि बाइक को वह डिमांड के मुताबिक चुराता है और बेचता है। यह वीडियो महाराजपुरा थाने का बताया गया है। इस वीडियो में वाहन चोरी के आरोप में पकड़े गए श्याम गुर्जर व बचना गुर्जर ने पूछताछ के दौरान पुलिस को बताया कि वह कैसे बुलट का ताला तोड़ते हैं। आरोपी बुलट को बीच के स्टैंड पर लगाता है और उस पर बैठकर एक पैर गाड़ी के हैंडल पर रखता है। एक हाथ बुलट के पीछे रखता है और पैर से ताकत लगाकर एक झटके में बुलट का ताला तोड़ देता है। उसके बाद तार निकालकर सीधे जोड़कर गाड़ी स्टार्ट कर देता है। आरोपी की सुरागदेही पर पुलिस ने चोरी की दो बुलट बरामद की हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है। पुलिस ने इनके एक साथी को पांच दिन पहले पकड़ा था।
गिरगांव के महादेव मंदिर के पास से महाराजपुरा थाना पुलिस ने एक बदमाश को बुलट चोरी करने की टोह में घूमते हुए पकड़ा था। आरोपी मुरैना का निवासी था। उसके पास से चोरी की दो बुलट बरामद की थीं। आरोपी ने कबूल किया कि वह भिंड के श्याम गुर्जर व बचना गुर्जर के साथ वाहन चोरी करता है। आरोपी ने बताया कि इस समय भिंड व मुरैना के ग्रामीण क्षेत्रों में चोरी की बुलट की काफी डिमांड हैं और अच्छे दामों में आसानी से बिक जाती हैं। कोई गाड़ी के कागज भी नहीं मांगता है। पुलिस दोनों आरोपियो को भिंड से पकड़ लाई। पूछताछ में आरोपी ने बुलट चोरी कैसे करते है यह भी पुलिस को दिखाया। आरोपी ने बताया कि बुलट जितनी मजबूत है, उसका लाक उतना ही कमजोर है।