ट्रांसपोर्ट नगर एटीएम में वारदात, पुलिस जवानों ने लगाया ताला

Mar 14 2022

ग्वालियर। ट्रांसपोर्ट नगर में एक महीने की खामोशी के बाद एक बार फिर एटीएम टूटा है। ग्वालियर में एक महीने पहले रात में तीन एटीएम को गैस कटर से काटकर 45 लाख रुपए चोरी की वारदात हुई थी। पुलिस ने पलवल से मास्टर माइंड को गिरफ्तार किया था। पुलिस अभी राहत की सांस ले रही थी कि इसी बीच एटीएम चोरों ने फिर खामोशी के बीच एटीएम को तोडऩे का प्रयास किया है। घटना ट्रांसपोर्ट नगर स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम की है। पुलिस ने छानबीन कर एटीएम बूथ पर ताला लगा दिया है।
बहोड़ापुर के ट्रांसपोर्ट नगर स्थित एसइीआई का एटीएम बूथ है। गत देर रात जब पुलिस जवान मनीष रावत और राजवीर रावत एटीएम बूथ चेक करने के लिए यहां पर पहुंचे तो बूथ का शटर गिरा हुआ था, लेकिन उसका कुछ हिस्सा खुला हुआ था। शटर को आधे से ज्यादा बंद देखकर पुलिसकर्मी वहां पर पहुंचे और गार्ड को आवाज दी, लेकिन अंदर से कोई आवाज नहीं आई तो उन्होंने शटर ऊपर किया तो उनके पैरों तले जमीन निकल गई, क्योंकि एटीएम का ऊपरी कवर निकला पड़ा था, तुरंत ही पुलिसकर्मियों ने अफसरों को सूचना दी। साथ ही इलाके में गश्त कर रही एफआरपी 41 को भी मौके पर बुला लिया। एक जवान को एटीएम पर छोड़कर पुलिसकर्मियों ने संदेहियों की तलाश शुरू की।
पुलिस की डायल 100 और पुलिसकर्मियों ने आस-पास के पूरे इलाके की सर्चिंग की, लेकिन कोई भी संदेही हाथ नहीं लगा। तो मामले की सूचना पुलिस कंट्रोलरूम को दी, इसके बाद पुलिस अलर्ट हुई और सभी एटीएम की फिजीकल चेकिंग कराई, जिसमें सभी एटीएम में रखी नगदी सुरक्षित थी।
बदमाशों द्वारा लूट का प्रयास करने और एटीएम पर गार्ड ना होने पर मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने एटीएम के शटर पर ताला डाल कर चाबी थाने में जमा करा दी है, जिससे बदमाश दोबारा वारदात का प्रयास नहीं कर सकें।
एक ही रात में किए थे पचास लाख पार
गत माह एक ही रात में हरियाणा के बदमाशों ने पड़ाव, ग्वालियर और महाराजपुरा में तीन एटीएम गैस कटर से काटकर करीब 45 लाख रुपए पार किए थे। इस घटना के बाद पूरे शहर में हड़कंप मच गया था और पुलिस, क्राइम ब्रांच व मुरैना तथा हरियाणा पुलिस की मदद से एक आरोपी को हरियाणा से दबोचा था।
बहोड़ापुर थाना प्रभारी अमरसिंह सिकरवार ने बताया कि दो माह पूर्व बदमाशों ने एटीएम तोडऩे का प्रयास किया था। उसी एटीएम का कवर निकला मिला है। आज बैंक अफसरों को पत्र लिखकर जानकारी मांगी जाएगी। जिससे पता चल सके कि कोई घटना तो नहीं हुई। साथ ही उसे दुरस्त कराने का कहा जाएगा।