समाज सेवा में जुटी विभूतियों के नेक कामों को करें प्रचारित: सिंधिया

Mar 12 2022

ग्वालियर। समाजसेवा एवं मानव कल्याण के काम में जुटी विभूतियों को सम्मानित कर सर्व वैश्य समाज ने केवल ग्वालियर ही नहीं पूरे देश के लिये उदाहरण प्रस्तुत किया है। दीन-दुखियों एवं जरूरतमंदों की मदद में अपना जीवन समर्पित करने वाली विभूतियों के नेक कामों को प्रचारित करें, जिससे सपूर्ण समाज के लोग मानव सेवा के लिये प्रेरित हो सकें। इस आशय के विचार सर्व वैश्य समाज मध्यप्रदेश द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने व्यक्त किए। 
चेबर ऑफ कॉमर्स के सभागार में आयोजित हुए समारोह में केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने सर्व वैश्य समाज की ओर से 9 महानुभावों को वैश्य रत्न से सम्मानित किया। कार्यक्रम में जिले के प्रभारी एवं जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, बीज एवं फार्म विकास निगम के अध्यक्ष मुन्नालाल गोयल, सर्व वैश्य समाज के अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल, चेबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष विजय गोयल मंचासीन थे।
केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि सेवाभावी विभूतियां किसी एक समाज की नहीं अपितु सपूर्ण समाजों के कल्याण का काम करती हैं। इसलिए जाति, पंथ व संप्रदाय से परे रहकर अच्छे लोगों को प्रोत्साहित करना हम सभी का धर्म है। 
मुन्नालाल गोयल ने कहा कि सिंधिया परिवार हमेशा से वैश्य समाज का हितैषी रहा है। केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया वर्तमान में उसी परंपरा का बखूबी ढंग से निर्वहन कर रहे हैं। गोयल ने ग्वालियर के एयरपोर्ट का विस्तार, एलीवेटेड रोड, रेलवे स्टेशन का सौंदर्यीकरण व जिला चिकित्सालय के उन्नयन सहित शहर को अन्य सौगातें देने के लिये केन्द्रीय मंत्री सिंधिया के प्रति वैश्य समाज की ओर से आभार व्यक्त किया।
इन वैश्य नव रत्नों का हुआ सम्मान
मुन्नालाल गोयल, राधेश्याम कुचिया, सुधीर अग्रवाल, समीक्षा गुप्ता, अशोक जैन, संजय मित्तल तथा राजेश एरन, ओमप्रकाश अग्रवाल व महेन्द्र खण्डेलवाल शामिल हैं।