जेएएच के कार्डियक में होंगे अब 102 बेड-सिंधिया

Mar 11 2022

ग्वालियर। जेएएच (जयारोग्य हॉस्पिटल) में शुक्रवार सुबह केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने निरीक्षण किया है। निरीक्षण के दौरान वह कार्डियक विंग में पहुंचे तो यहां के हालात देखकर संतुष्ट नजर आए और यहां मरीजों से भी बात की। सिंधिया के निरीक्षण के बीच अंचलवासियों के लिए ये खबर सुकून देने वाली है कि अंचल के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल जयारोग्य की कार्डियक विंग में बेड की संख्या 52 से बढ़ाकर 102 की जाएगी।
इसके लिए पुराने मेडिसन आईसीयू को जल्द ही नए कार्डियक यूनिट से जोड़ दिया जाएगा। बेड बढऩे से मरीजों को अब बरामदे में जमीन पर बिस्तर डालकर इलाज नहीं कराना होगा। बेड की संख्या बढ़ाने के निर्देश ज्योतिरादित्य सिंधिया ने दिए हैं। सिंधिया ने कहा है कि इससे अंचल ही नहीं आसपास के राज्यों से आने वाले मरीजों को भी मदद मिलेगी। सिंधिया बोले हैं कि आने वाले समय में यहां और बेहत्तर इलाज मिल सकेगा। इसके लिए जिले के ब्लॉक स्तर पर जिला अस्पताल व डिस्पेंसरी को डेवलप किया जा रहा है। जब सिंधिया से जेएएच में लापरवाही से जिंदा मरीजों को मृत बताने वाली घटनाओं पर सवाल किया तो वह टाल गए।
ग्वालियर का जयारोग्य अस्पताल सिर्फ अंचल के लिए ही नहीं बल्कि आसपास के राज्यों उत्तर प्रदेश व राजस्थान के लोगों के लिए भी काफी उपयोगी है। अंचल के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल जयारोग्य में इलाज कराने पहुंचने वाले मरीजों को अस्पताल प्रबंधन द्वारा इलाज संंबंधी क्या-क्या सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं इसका निरीक्षण करने शुक्रवार को केन्द्रीय मंत्री सिंधिया सबसे पहले कार्डियक यूनिट पहुंचे। सिंधिया को कार्डियक यूनिट के जनरल वार्ड से लेकर आईसीयू में इलाज संबंधी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद मिलीं। पर यहां मरीजों की संख्या ज्यादा होने के कारण कुछ भीड़ भाड़ भी दिखी है।
मरीज के परिजन से की बात, जाना हाल
कार्डियक यूनिट के जनरल वार्ड में भर्ती मुरैना के मरीज दुष्यंत सिंह से जब सिंधिया ने पूछा कि आपको अस्पताल में इलाज संबंधी जांचें व डॉक्टर नियमित देखने आते हैं, दवा अस्पताल से मिल रही हैं या डॉक्टर पर्ची लिखकर बाजार से मंगाते हैं। इस पर मरीज के परिजन ने बताया कि चार दिन से पिता रामेश्वर भर्ती होकर इलाज करा रहे हैं, दवा व जांचें भी अस्पताल में ही कराई गई हैं। यहां अभी तक कोई परेशानी नहीं हुई है।
ट्रॉमा सेंटर पहुंचकर पानी की कमी पर नाराज हुए सिंधिया
शुक्रवार सुबह कार्डियक यूनिट के निरीक्षण करने के बाद सिंधिया ट्रॉमा सेंटर पहुंचे, जहां सिंधिया को निरीक्षण के दौरान जनरल वार्ड में भर्ती मरीज के परिजन श्वेता ने बताया कि उनकी मां बीते दो दिनों से ट्रॉमा में भर्ती हैं, इलाज तो मुफ्त मिल रहा है, लेकिन मरीज के परिजन को बैठने के लिए न तो स्टृूल है और न ही शुद्ध पीने का पानी है, हम गरीब हैं बीस रुपए की पानी की बोतल खरीदकर नहीं पी सकते हैं। सिंधिया ने मौके पर मौजूद जीआरएमसी के डीन डॉ. समीर गुप्ता व अधीक्षक डॉ.आरकेएस धाकड़ से नाराजगी जताते हुए तत्काल ट्रॉमा सेंटर में जल्द ही वाटर कूलर शुरू कराने के निर्देश दिए।
मल्टी सुपर स्पेशलिटी में जल्द होगी मेडिकल स्टाफ की भर्ती
मल्टी सुपर स्पेशलिटी हॉस्पीटल का निरीक्षण करने पहुंचे सिंधिया सबसे पहले रिस्पेशन काउंटर पर चस्पा बीमारी संंबंधी बोर्ड पर खाली पड़े नेट्रोलॉजी, सर्जीकल नेट्रोलॉजी व नेफ्रोलॉजी विंग के कॉलम में डॉक्टरों के नाम अंकित नहीं होने पर डीन डॉ.समीर गुप्ता से पूछा कि इन रोगों का इलाज मल्टी सुपर स्पेशलिटी हॉस्पीटल में उपलब्ध नहीं है। इस पर डॉ. गुप्ता ने बताया कि इन चारों यूनिट के डॉक्टरों के लिए भर्ती प्रकिया शुरु की जा चुकी है, जल्द ही डॉक्टर मिलने पर इन रोगों का इलाज भी मिलने लगेगा। जेएएच के निरीक्षण के दौरान सिंधिया के साथ जिले के प्रभारी मंत्री तुलसी सिलावट,संभागायुक्त आशीष सक्सैना, कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह, एसएसपी अमित सांघी, मौजूद रहे।
गंदगी देख नाराज हुए प्रभारी मंत्री 
केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के निरीक्षण से पहले प्रभारी मंत्री तुलसी सिलावट जेएएच पहुंचे और वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। यहां पर एक स्थान पर गंदगी देखकर श्री सिलावट अफसरों पर नाराज हुए और यहां पर स्थित वाटर कूलर के पास जमा गंदगी पर फटकार लगाई। इसके बाद वाटर कूलर का पानी खुद पीकर चेक किया। वहीं निरीक्षण से पहले वहां पर दिखी अवव्यस्थाओं को भी अपने सामने दुरूस्त कराया।