कट्टे बेचने आए, पुलिस के हत्थे चढ़े, चार कट्टे और जिन्दा कारतूस बरामद

Mar 11 2022

ग्वालियर। हथियार सप्लाई करने आए दो बदमाशों को क्राइम ब्रांच व विश्वविद्यालय थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में रजिस्ट्रार कार्यालय के पास से पकड़ा है। हालांकि पकड़े जाने से पहले दोनों तस्करों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन भागने में सफल नहीं हो सके। पकड़े गए तस्करों से पुलिस टीम ने चार कट्टे और कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने तस्करों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। 

एएसपी क्राइम राजेश डंडोतिया ने बताया कि सूचना मिली थी कि दो तस्कर हथियारों की खेप लेकर आने वाले हंै। सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच व विश्वविद्यालय थाने की दो टीमें बनार्इं। दोनों टीमें जब नीडम के पास पहुंची तो एक बाइक पर दो युवक बैठे दिखे, पुलिस पर युवकों की नजर पड़ी तो एक युवक बाइक से तो दूसरा पैदल अलग-अलग दिशाओं में दौड़े। जिस पर पुलिस टीमों ने पीछा किया और बाइक सवार को रजिस्ट्रार कार्यालय के पास से दबोचा और दूसरे साथी को कुछ ही दूरी पर दबोच लिया। 
पकड़े गए युवकों की तलाशी ली तो उनके पास से चार कट्टे तथा दो कारतूस बरामद हुए। हथियार बरामद होने के बाद पूछताछ की तो पकड़े गए युवकों ने अपने नाम सुनील पुत्र राजू रोहतक तथा कमल किशोर पुत्र रामजीलाल निवासी गोपालपुरा मुरैना बताया है। साथ ही बताया कि वह कट्टे भिण्ड से खरीदकर लाते हैं और ग्वालियर में बेचते हैं। एक कट्टा वह भिण्ड से दो से तीन हजार रुपए में लेकर आते हैं और यहां पर पांच हजार रुपए में बेचते हैं। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ ऑम्र्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। 
पुलिस अब पकड़े गए बदमाशों से पूछताछ कर पता लगा रही है कि वह किसकों हथियार बेचने आए थे और अब तक कितनी बार वह हथियार बेच चुके हैं।