बेइंतहा प्यार बदला दुश्मनों जैसी नफरत में बदला, पति ने ब्लेड से पत्नी पर हमला कर खुद का गला काट लिया

Mar 06 2022

ग्वालियर। एक प्रेम कहानी खतरनाक मोड़ पर पहुंच गई है। एक साल पहले तक दोनों एक दूसरे से बेइंतहा प्यार करते थे अब जान के दुश्मन बन गए हैं। लगातार झगड़े के बाद पत्नी अपने मायके में रह रही थी। गत रात को पति उसे लेने पहुंच गया। पर पत्नी ने साथ जाने से मना कर दिया। नशे में धुत पति ने ब्लेड से पहले पत्नी पर हमला किया तो उसका हाथ कट गया फिर अपने गले पर ब्लेड मार ली। घटना खिड़की मोहल्ला में गत देर रात की है। घायल युवक को गंभीर हालत में जेएएच के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ग्वालियर के खिड़की मोहल्ला निवासी पवन शाक्य प्राइवेट जॉब करता है। एक साल पहले ही उसने पड़ोस में रहने वाली रंजना से प्रेम विवाह किया है। शादी से पहले दोनों एक दूसरे से काफी प्यार करते थे। दोनों एक दूसरे पर जान झिड़कते थे। शादी के कुछ समय तक तो सब कुछ ठीक चला, लेकिन उसके बाद पवन शराब पीकर आने लगा और लड़ाई-झगड़ा करने लगा। कुछ समय तक रंजना ने सब कुछ सहा और जब असहनीय हो गया तो मायके के पास ही एक किराए का कमरा लेकर रहने लगी। गत देर रात को वह शराब के नशे में धुत होकर रंजना के पास पहुंचा और उससे कमरा खाली कर अपने साथ चलने को कहा। उस समय वह शराब के नशे में था और इस पर रंजना ने उसे सुबह चलने की कहा। इस पर वह नाराज हो गया।
रंजना ने जब साथ चलने से इनकार किया तो पवन ने उसे आत्महत्या करने की धमकी दी। रंजना ने धमकी को नौटंकी समम कर उससे साफ मना कर दिया तो पवन ने ब्लेड निकाला और पहले रंजना पर वार किया तो उसके हाथ पर कट लग गया फिर खुद के गले और चेहरे पर वार कर दिए। जिससे वह लहूलुहान हो गया। मामले का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर हालत में उसे उपचार के लिए भर्ती कराया है। अभी जेएएच के ट्रॉमा सेंटर में उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने रंजना की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।
पड़ौसी ले गए अस्पताल
आसपास के लोगों ने जल्द ही उसे अस्पताल में भर्ती कराया। इधर वारदात सामने आते ही पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस की जांच में सामने आया कि पारिवारिक विवाद के चलते पत्नी के साथ मारपीट की। उसके बाद खुद के गले पर लेड मारी। इसी कारण वह खून से लथपथ हुआ है। गले पर लगे निशान पर डॉक्टर ने स्वयं मारने की बात कही है। पत्नी ने प्राथमिक पूछताछ में पति द्वारा मारपीट की बात कही है। स्वस्थ होने के बाद दोबारा पूछताछ की जाएगी।
ग्वालियर थाना प्रभारी आलोक सिंह परिहार ने बताया कि एक युवक ने पत्नी के साथ ना चलने पर खुद को ब्लेड़ मारे है। पत्नी भी घायल है। घायलों को उपचार के लिए भर्ती कराया है। जहां पर उनका उपचार चल रहा है। आगे जांच कर कार्रवाई की जाएगी।