चीनौर में शासकीय महाविद्यालय के अत्याधुनिक भवन का हुआ लोकार्पण

Mar 05 2022

ग्वालियर। चीनोर गांव में शासकीय महाविद्यालय के अत्याधुनिक भवन का लोकार्पण शनिवार को हुआ। कालेज भवन का लोकार्पण उच्च शिक्षा मंत्री डॉ मोहन सिंह के यादव ने किया। इस अवसर पर सांसद विवेक नारायण शेजवलकर और पूर्व उच्च शिक्षा मंत्री जयभान सिंह पवैया बतौर विशेष अतिथि मौजूद थे। इस कालेज भवन के लोकार्पण से चीनौर सहित सहित आसपास के सैकड़ों गांवों के छात्रों को फायदा मिलेगा। क्योंकि आसपास पहले से कोई कालेज नहीं था और छात्रों को पढऩे के लिए ग्वालियर या अन्य शहरों में जाना पड़ रहा था। ऐसे में शासन ने छात्रों की समस्या को देखते हुए आधुनिक भवन बनाने का निर्णय लिया था।
चीनौर कालेज की स्थापना पूर्व उच्च शिक्षा मंत्री जयभान सिंह पवैया ने अपने कार्यकाल के दौरान कराई थी। साथ ही चीनौर में शासकीय महाविद्यालय के भवन निर्माण के लिए 704 लाख रुपये की धनराशि मंजूर कराई थी। महाविद्यालय में कला, विज्ञान एवं वाणिज्य विषय के पाठ्यक्रम संचालित हैं। हालांकि काम में देरी हुई। लेकिन अब कालेज का भवन बनकर तैयार हो चुका है। चीनौर कस्बे में 704 लाख रुपये की लागत से लगभग 4 हेक्टेयर रकबे में भव्य महाविद्यालय भवन बन कर तैयार हुआ है। भूतल पर 2138 वर्ग मीटर व प्रथम तल पर 1892 वर्ग मीटर में भवन का निर्माण हुआ है। महाविद्यालय में प्रशासनिक कक्षों व कॉन्फ्रेंस हॉल के अलावा 11 क्लास रूम, फिजिक्स, केमिस्ट्री व कम्यूटर प्रत्येक के लिए अलग- अलग लेबोरेट्री का निर्माण कराया गया है। भवन परिसर में प्रवेश द्वार सहित चारोंओर बाउंड्रीवाल व एप्रोच रोड बनाई गई है। 
लोकार्पण समारोह में कौशल शर्मा, शांति शरण गौतम, अनीता रावत, कलेक्टर कौशलेन्द्र सिंह व एडीएम एचबी शर्मा मंचासीन थे।