फुलेरा दौज पर सम्मेलन में 12 कन्याओं के विवाह हुए, दिए ढेरों उपहार

Mar 04 2022

\ग्वालियर। फुलेरा दौज के अबूझ मुहूर्त पर शहर में शुक्रवार को बड़ी संख्या में विवाह समारोह आयोजित किए गए। अबूझ मुहूर्त के चलते कई स्थानों पर सामूहिक विवाह समारोह आयोजित हुए। इसके चलते बाजारों में भी सुबह से भारी भीड़ रही। बाजारों में भीड़ देख दुकानदारों के चेहरे भी खिल उठे। फुलेरा दौज पर श्री दादाजी धाम सेवा समिति द्वारा सर्वजातीय सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन महाराज बाड़ा स्थित धर्मपुरी मंदिर में किया गया।
श्री दादा जी धाम सेवा समिति द्वारा इस साल 12 गरीब कन्याओं का विवाह कराया। पहले यहां पर 11 कन्याओं का विवाहकराया जाना था। लेकिन एक और जरूरतमंद कन्या आने के बाद उसका विवाह भी इस सामूहिक विवाह समारोह में कराया गयार। सभी दुल्हनों की बारातें एक साथ विवाह स्थल पर पहुंची। वर-वधुओं को समाजसेवियों द्वारा उपहार वितरित किए गए। आशीर्वाद समारोह शाम 4 बजे आयोजित किया गया। संत रमेशलाल ने बताया कि संस्था द्वारा परमार्थ अस्पताल चलाया जाता है जिसमें मोतियाबिंद लेंस प्रत्यारोपण ऑपरेशन के साथ चश्मे और दवाएं भी नि:शुल्क दिए जाते हैं।
दादाजी धाम सर्वजातीय वृद्ध आश्रम समाधिया कॉलोनी में संचालित किया जाता है। कुलैथ चौराहे पर गोविंद गौशाला भी संचालित है। वहीं राठौर आदर्श सामूहिक विवाह सम्मेलन द्वारा जती का बाग, बिरला नगर रेलवे स्टेशन के पास गदाईपुरा में सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन किया गया।
वर-वधुओं को यह दिया सामान
चांदी की पायल, बिछिया अलमारी, कूलर, पलंग, बिस्तर का सेट, बर्तन सेट (21), कुर्सी दो, टेबल, साडिय़ां, चप्पल, श्रृंगार पेटी, दूल्हे को सूट, अटैची, दीवार घड़ी, रिस्ट वाच, प्रेस, टिफिन, मंगलसूत्र, ज्वेलरी।