हायर सेकेंडरी परीक्षा में गणित का खौफ, हर सेंटर पर पहुंचा उडऩदस्ता

Mar 03 2022

ग्वालियर। माध्यमिक शिक्षा मंडल हायर सेकेंडरी का आठवां पेपर गुरुवार को जिले के 95 सेंटर पर अयोजित किया गया। गुरुवार को कक्षा 12वीं का गणित का पेपर था। गणित के पेपर में नकल की आशंका के चलते सभी परीक्षा केंद्रों पर कड़ाई से चेकिंग की गई। वहीं शिक्षा विभाग के 16 उडऩदस्ते भी विभिन्न सेंटरों पर पहुंचे और छात्रों की चेकिंग की।
गणित के पेपर के चलते छात्रों को चेकिंग के विभिन्न चरणों से गुजरना पड़ा। इसके अलावा गुरुवार को हिस्ट्री, कैमेस्ट्री, व्यवसाय अध्ययन, ड्राइंग-पेंटिंग का पेपर भी हुआ। गणित के पेपर में किसी भी तरह से नकल नहीं हो सके इसको लेकर शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने सभी सेंटरों और उडऩदस्तों को छात्रों का बारीकी से निरीक्षण करने का निर्देश दिया था। जिला शिक्षा अधिकारी विकास जोशी ने बताया कि नकल रोकने के लिए स्कूल संचालक और प्राचार्यों को निर्देश दिए गए हैं कि वे सेंटर में पहुंचने वाले छात्रों की कक्ष से पहले ही चेकिंग करें। इसके बाद परीक्षा शुरू होने से पहले भी छात्रों की जांच की जाए। साथ ही संदेह होने पर छात्र की बारीकी से जांच हो। इसके चलते परीक्षा केंद्रों पर भी कड़ाई बरती जा रही है। परीक्षा के दौरान कोरोना गाइड लाइन का पालन करते हुए सभी सेंटरों पर परीक्षा देने आने वाले विद्यार्थियों की थर्मल स्कैनिंग, सेनेटाइजर करने व चेहरे पर मास्क लगाने के बाद ही एंट्री दी गई।