कलेक्टर सिंह ने जिला अस्पताल प्रसूति गृह का किया आकस्मिक निरीक्षण

Mar 03 2022

ग्वालियर। कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने गुरूवार को जिला अस्पताल प्रसूति गृह का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने चिकित्सकों को निर्देशित किया है कि आम जनों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवायें उपलब्ध हों। इसके साथ ही अस्पताल में आने वाले मरीजों और उनके अटेण्डरों के साथ सहयोगात्मक व्यवहार किया जाए। 
कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने यह भी निर्देशित किया कि शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्यों और शासकीय योजनाओं का लाभ आम लोगों को समय पर मिले, यह भी सुनिश्चित किया जाए। अस्पताल में व्यवस्थाओं के लिये जो आवश्यक कार्य है, उसे राशि के अभाव में न रोका जाए। कलेक्टर ने सिविल सर्जन को निर्देशित किया है कि पाँच लाख रूपए प्रशासन की ओर से रोगी कल्याण समिति को प्रदान किए जाएं। 
कलेक्टर श्री सिंह ने निरीक्षण के दौरान यह भी कहा है कि लक्ष्य कार्यक्रम अनुसार सभी स्तरों पर मानकों के अनुसार गुणवत्तापूर्ण सेवाएं प्रदान की जाएं। कलेक्टर कौशलेन्द्र सिंह ने प्रसूति गृह का निरीक्षण कर साफ-सफाई पर और ध्यान देने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन डॉ. आरके शर्मा, डीएचओ डॉ. अशोक खरे, डीपीएम विजय भार्गव, आरएमओ डॉ. कुशवाह एवं लक्ष्य कार्यक्रम की टीम उपस्थित थी।