सांसद शेजवलकर ने किया ग्वालियर पूर्व की पानी की टंकियों को भरने का शुभारंभ

Mar 03 2022

ग्वालियर। सांसद विवेक नारायण शेजवलकर ने गुरुवार की सुबह जलालपुर स्थित 160 एमएलडी वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए, व सांसद श्री शेजवलकर द्वारा ग्वालियर पूर्व विधानसभा क्षेत्र की पानी की टंकियों को भरने के कार्य का शुभारंभ बटन दबाकर किया गया। इस अवसर पर निगमायुक्त किशोर कन्याल, धर्मेंद्र राणा, अत्येंद्र सिंह गुर्जर, आरएलएस मौर्य, शिशिर श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। 
सांसद विवेक नारायण शेजवलकर ने गुरुवार को जलालपुर स्थित 160 एमएलडी वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का अवलोकन किया तथा तिघरा से गुरुवार को फुल ग्रेविटी के साथ छोड़े गए पानी के ट्रीटमेंट कार्य को देखा और ग्वालियर पूर्व की टंकियों को भरने का शुभारंभ किया। 
इस अवसर पर सांसद श्री शेजवलकर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जो डीएमए शेष रह गए हैं, उन्हें शीघ्र पूर्ण करें तथा जो कंप्लीट हो गए हैं उनमें से प्रत्येक विधानसभा वार दो-दो डीएमए का अवलोकन कराएं। 
इसके साथ ही इंजीनियरिंग कॉलेज के बच्चों को वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का अवलोकन कराएं और उन्हें प्रेजेंटेशन के माध्यम से यह दिखाएं कि पानी किस प्रकार से ट्रीटमेंट होकर शहर में सप्लाई किया जाता है। इसके साथ ही अन्य आवश्यक दिशा निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। 
इसी के साथ सांसद श्री शेजवलकर ने जलालपुर में ही निर्मित 145 एमएलडी के सीवर ट्रीटमेंट प्लांट का अवलोकन किया तथा प्लांट की पूरी प्रक्रिया को देखा एवं पानी की क्वालिटी को चेक किया तथा यह निर्देश दिए कि इस पानी का उपयोग पार्क में, डिवाइडर आदि में सिंचाई के लिए तथा सड़क, चौराहे एवं डिवाइडर को धोने के लिए किया जाए।