बम-बम भोले के जयकारे से गूंजे शिवालय अचलेश्वर, गुप्तेश्वर, कोटेश्वर मंदिरों के बाहर लगी भक्तों की कतार, जगह-जगह बंटा प्रसाद
Mar 01 2022
ग्वालियर। महाशिवरात्रि पर शहर के प्रमुख शिव मंदिर अचेलश्वर, गुप्तेश्वर और कोटेश्वर महादेव समेत हजारेश्वर और भूतेश्वर पर रात 12 बजे से श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। सोमवार रात 12 बजे से ही शिवालय भक्तों के लिए खोल दिए गए थे। तभी से मंदिरों के बाहर दूर-दूर तक लंबी-लंबी लाइनें लगी हैं। अचलेश्वर मंदिर पर तो यह हाल था, यहां अचलनाथ तक पहुंचने में श्रद्धालुओं को 1 से 2 घंटे लगे। करीब आधा किलोमीटर दूर से लाइन में पैदल चलकर लोग मंदिर तक पहुंचे हैं।
मंगलवार को शहर के शिवालय बम-बम भोले के जयकारों से गूंज उठे। सड़कों पर जगह-जगह फलाहार वितरण किया जा रहा है। शहर का माहौल शिव भक्तिमय हो गया है। भक्ति में लोग कोविड को भूल गए हैं। न तो मंदिरों के बाहर सोशल डिस्टेंसिंग नजर आई और न ही चेहरे पर मास्क दिखे। शिवलिंग पर दूध व बेलपत्र चढ़ाने के लिए लोगों को कसमकस करनी पड़ी।
शहर के प्रमुख शिव मंदिरों में से एक अचेलश्वर महादेव पर रात 12 बजे से ही कांवड़ लेकर शिवभक्त आना शुरू हो गए थे। पहले उनके लिए गर्भगृह के पट खोले गए। अचलेश्वर महादेव, कोटेश्वर महादेव व गुप्तेश्वर महादेव का अभिषेक किया गया। इसके बाद शिव मंदिरों को आम भक्तों के लिए खोल दिया गया। दोपहर तक एक लाख से ज्यादा लोग दर्शन करने पहुंच चुके थे। यह पहला मौका है जब कोरोना काल के बाद किसी त्योहार पर मंदिरों में इतनी संख्या में भीड़ नजर आ रही है। क्योंकि कोरोना की तीसरी लहर भी गुजर चुकी है और तीसरी लहर ने कुछ ज्यादा नुकसान नहीं किया है। ज्यादा से ज्यादा लोग वैक्सीनेट हो चुके हैं। कहां क्या हालात रहे एक नजर में।
अचलेश्वर महादेव
अचलेश्वर मंदिर पर रात 12 बजे से शिवभक्तों का पहुंचना शुरू हो गया है। सुबह 9 बजे यह हाल था कि यहां चैंबर ऑफ कॉमर्स के बाहर से दर्शन के लिए लाइन लगी है। चैंबर ऑफ कॉमर्स के सामने ललितपुर कॉलोनी, एमएलबी कॉलेज रोड होते हुए अचलेश्वर मंदिर तक लोग पहुंच रहे हैं। इस दौरान दर्शन करने में सुबह 1 घंटे का समय लगा। वहीं अचलेश्वर के पिछले गेट पर जीवाजी क्लब तक लाइन लगी है। अचलेश्वर जाने वाले सभी मार्ग पर ट्रैफिक रूट बदला गया है। इस कारण वाहन मंदिर से आधा किलोमीटर की दूरी पर ही रोके जा रहे हैं। लोगों को पैदल चलकर ही मंदिर तक पहुंचना पड़ रहा है।
मंदिर समिति द्वरा अचलनाथ को 150 क्विंटल फलाहारी खिचड़ी और 10 क्विंटल फलों से बनी चाट का भोग लगाया गया। साथ ही छप्पन भोग भी लगाए गए। मंदिर के बाहर विभिन्न संस्थाओं और भोले के भक्तों ने प्रसादी वितरण के लिए लगभग 80 स्टाल लगाए हैं, जहां से भक्तों को फलाहारी प्रसाद का वितरण किया जा रहा है।
कोटेश्वर महादेव मंदिर
कोटेश्वर महादेव पर भी यही हाल है। यहां भी रात 12 बजे से शिव भक्त पहुंचना शुरू हो गए थे। कोविड गाइडलाइन का पालन करते हुए इस बार अंदर प्रसाद के काउंटर नहीं लगाए गए। मंदिर में दर्शन के लिए रात से ही शहर के लोगों का मंदिर में आना शुरू है। मंदिर के बाहर भक्तों की कतार लगी हैं। बीते वर्ष यहां दिन भर में 3 लाख से ज्यादा लोगों ने दर्शन किए थे। इस बार कोरोना का डर कम है तो यह संख्या और भी बढ़ सकती है।
गुप्तेश्वर महादेव
गुप्तेश्वर पहाड़ी पर बना गुप्तेश्वर महादेव मंदिर पर भी हजारों की संख्या में शिवभक्त पहुंच रहे हैं। आसपास के गांव और जनकगंज से रात 12 बजे से ही लोग मंदिर पहुंचना शुरू हो गए थे। यहां मास्क पहनकर नहीं आने वाले शिवभक्तों को मंदिर प्रबंधन ने मास्क बांटे। कोविड गाइडलाइन का पालन लोग करते नजर नहीं आ रहे हैं।
निकाली जाएगी शिव बारात
गुप्तेश्वर मंदिर से मंगलवार दोपहर 12 बजे शिव बारात भी निकाली गई। महाशिवरात्रि पर गुप्तेश्वर सेवा संघ द्वारा निकाली जाने वाली शिव बारात गुप्तेश्वर मंदिर से निकलकर जनकगंज, महाराज बाड़ा, सराफा बाजार, ऊंटपुल, इंदरगंज चौराहे से होती हुई अचलेश्वर मंदिर पहुंची है। रास्ते में कई जगह बारात का स्वागत किया गया। यह भी शहर का अदभुत नजारा होता है। बारात में हजारों शिव भक्त शामिल हुए।
सुरक्षा में लगे एक हजार जवान
शहर के प्रमुख मंदिर अचलेश्वर, कोटेश्वर, गुप्तेश्वर, भूतेश्वर समेत करीब 30 से ज्यादा मंदिरों पर भक्तों की भीड़ थी। इसलिए शिव मंदिरों के आसपास और सड़कों पर पुलिस भी चौकस रही। करीब एक हजार से ज्यादा पुलिस जवान व अफसर सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाली। बड़े मंदिरों के बाहर अस्थायी पुलिस चौकी बनाई गई। जिससे किसी शिव भक्त के साथ कोई घटना या वारदात होती है तो तत्काल मदद दी जा सके।
सड़क निर्माण कार्य रोका
मंगलवार को महाशिवरात्रि पर्व के उपलक्ष्य में अचलेश्वर मंदिर पर श्रदालुओ की सुविधा को देखते हुए स्मार्ट रोड का कार्य पूर्ण रूप से बंद रखा गया है। स्मार्ट सिटी सीईओ श्रीमती जयति सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि मंगलवार को महल गेट से माडरे की माता तक चल रहे स्मार्ट रोड के कार्य को बंद रखा गया ।ताकि अचलेश्वर मंदिर पर पहुचने वाले श्रदालुओ को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े वही शिवरात्रि पर्व के बाद स्मार्ट रोड के बचे हुए भाग पर लेयरिंग के कार्य को शुरू किया जाएगा ।
फल और व्रत सामग्री हुई महंगी
दो दिन पहले तक बाजारों में जो फल तीस से चालीस रुपए किलो तक आसानी से मिल रहे थे वही फल मंगलवार को साठ से सत्तर रुपए किलो तक बिके और व्रत की सामग्री भी पेठा,नमकीन मिठाई माला आदि भी महंगा हो गया।
दूध की रही किल्लत
शिवरात्रि पर्व को ध्यान में राते हुए शहर भर में दूध की किल्लत देखने को मिली और डेयरियों पर दूध की एडवांस बुकिंग होने के कारण सुबह के समय दूध लोगों को नहीं मिल पाया। कुछ लोगों ने थैली वाला दूध खरीदा तो कुछ लोगों को बिना दूध के ही घर जाना पड़ा।
संपादक
Rajesh Jaiswal
9425401405
rajeshgwl9@gmail.com
MP Info News
Invalid RSS feed URL.
ब्रेकिंग न्यूज़
विज़िटर संख्या
अन्य ख़बरें
-
-
-
*हेमू कालानी जन्मोत्सव मिष्ठान वितरण कर बनाया* *
—03/23/2019 -









