प्रेमी ने प्रेमिका को गोली मारी,प्रेमी ने किया सरेंडर, पुलिस ने कट्टा बरामद किया

Feb 27 2022

ग्वालियर। शिंदे की छावनी स्थित होटल हैबीटेट इन के कमरे में अमित सेन ने डबरा की पूजा सेन को कट्टे से गोली मार दी। कमरे में दो गोली चली हैं। पहली गोली युवती के माथे को छूते हुए निकल गई है। दूसरी गोली पेट से आर-पार हो गई है। घायल युवती को इलाज के लिए निजी हास्पिटल में भर्ती कराया है। युवक व युवती दोनों एक दूसरे से पिछले तीन साल से प्यार करते हैं। युवती की शादी अप्रैल में है। प्रेमिका को गोली मारने के बाद आरोपी प्रेमी इंदरगंज थाने पहुंच गया। युवक का कहना है कि दोनों की शादी नहीं होने पर आत्महत्या करने के इरादे से होटल पहुंचे थे। पहले उसने पूजा को गोली मारी, लेकिन गोली नहीं लगी। दूसरी गोली उसने खुद को मारने का प्रयास किया। पूजा के कट्टा छीनने का प्रयास करने पर दूसरी गोली उसके पेट में लग गई। घटना की वास्तविकता का पता घायल युवती के होश में आने पर चलेगा।
मूल रूप से कैलास टाकीज के पीछे हाल लक्ष्मीगंज में निवास करने वाला अमित सेन अपोलो हास्पिटल पर नौकरी करता है और डबरा निवासी पूजा सेन ब्यूटी पार्लर का काम करती है। दोनों के बीच पिछले तीन साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन घरवालों ने पूजा का रिश्ता अन्य किसी से तय कर दिया। अप्रैल में उसकी शादी है। शनिवार की सुबह अमित बाइक से डबरा पहुंचा और युवती को बाइक पर बैठाकर उसे ग्वालियर ले आया। दोनों ने होटल हैबीटेट इन में बातचीत करने के लिए कमरा ले लिया।
कमरे से दो गोली चलने की आवाज सुनकर हड़कंप मच गया। कमरे से युवक निकलकर भाग गया। खून में लथपथ हालत में युवती पड़ी थी। उसके पेट में गोली लगी थी। माथे पर गोली लगने का निशान था। युवती को होटल के स्टाफ ने कैंपस मेंं स्थित निजी हास्पिटल में भर्ती करा दिया। युवती को गोली मारने की सूचना मिलते ही एएसपी सतेंद्र सिंह तोमर व सीएसपी विजय सिंह भदौरिया व पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए।
दोनों ही आत्महत्या करना चाहते थे
 युवती को गोली मारने के बाद अमित सेन घर पहुंचा है, उसके बाद वह खुद ही इंदरगंज थाने पहुंच गया। अमित ने पुलिस को बताया कि दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन पूजा के घरवालों ने उसका रिश्ता दूसरे लड़के से तय कर दिया। शनिवार की सुबह पूजा से उसकी फोन पर बात हुई। दोनों ने तय किया कि वह एक दूसरे को गोली मारकर आत्महत्या कर लेंगें। उसके बाद पूजा घर से यह कहकर निकल आई कि वह बाजार खरीदारी करने के लिए जा रही है और अमित उसे बाइक पर बैठाकर यहां ले आया। दोनों ने बात करने के लिए होटल हैबीटेट इन में कमरा नंबर-204 बातचीत करने के लिए ले लिया। आरोपी का कहना है कि पहली गोली उसने पूजा को मारने के लिए चलाई। दूसरी गोली उसे स्वयं को मारना थी। गोली उसके माथे को छूती हुई निकल गई। उसके बाद उसने खुद को गोली मारने का प्रयास किया। पूजा उसे गोली मारने से रोकने लगी और कट्टा छीनने लगी। छीना-झपटी में दूसरी गोली उसके पेट में लग गई और वह घबराकर मौके से भाग गया। एएसपी सतेंद्र सिंह तोमर का कहना है कि घटनास्थल का निरीक्षण करने से ऐसा ही लगता है, घटना की वास्तविकता का पता युवती के होश में आने पर लगेगा।
होटल के स्टाफ ने आनन-फानन में कमरा धोया और कट्टा गायब कर दिया। पुलिस होटल के मालिक व बेटे को उठाकर थाने ले आई। पूछताछ के बाद कट्टा मिल गया है। एएसपी सतेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि युवक-युवती ने एक हजार रुपये घंटे के हिसाब से कमरा लिया था। होटल के मैनेजर उनका आइडी प्रूफ भी नहीं लिया और घटना के साक्ष्य मिटाकर कट्टा गायब कर दिया था। होटल के मैनेजर के खिलाफ घटना के साक्ष्य मिटाने पर धारा 201 के तहत मामला दर्ज किया है।
एएसपी सतेंद्र सिंह तोमर का कहना है कि लड़की डबरा की रहने वाली है। उसकी शादी तय हो गई थी। इससे नाराज होकर युवक ने उसे गोली मारी है। गोली उसके पेट में लगी है, उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने घटना में उपयोग किया गया कट्टा बरामद कर लिया है।