तेज गति से आ रही एंबुलेंस दुकान में भिड़ी, आटा चक्की संचालक की मौत

Feb 27 2022

ग्वालियर। झांसी रोड थाना क्षेत्र स्थित पारस विहार कॉलोनी में एक लापरवाह एंबुलेंस चालक ने तेज गति से वाहन चलाकर एक आटा चक्की दुकान के अंदर टकरा दी। हादसे में आटा चक्की संचालक की मौके पर ही मौत हो गई। चालक हादसे के बाद कूदकर भाग गया। बताया जाता है कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि चक्की संचालक को संभलने का मौका ही नहीं मिला, और वह एंबुलेंस के अंदर दबकर मृत हो गया।
थाने में पदस्थ एचसीएम लाखन गुर्जर ने बताया कि आज रविवार को सुबह के समय पारस विहार कॉलोनी में राधे गौड़ अपनी आटा चकी की दुकान खोल रहा था, तभी एंबुलेंस क्रमांक एमपी13-सीडी6030 के चालक का वाहन पर से नियंत्रण हट गया, संभवत: नशे में होने के कारण्र वह स्पीड पर कंट्रोल नहीं कर सका और दुकान के शटर में जबरदस्त रूप से भिड़ा दी। जिस समय यह हादसा हुआ, दुकानदार शटर खोलने की कवायद कर रहा था।
टक्कर इतनी तेज थी कि एंबुलेंस के बीच में वह दब गया। जिससे वह स्पॉट पर ही खत्म हो गया। हादसे के बाद नाका चन्द्रवदनी निवासी बताया जा रहा आरोपी चालक वाहन छोड़कर भाग गया। मौके पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने एंबुलेंस को कब्जे में लेकर चकी संचालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल में भेजा। 
आसपास के लोगों ने मचाई चीख-पुकार
जैसे ही स्पीड में एंबुलेंस दुकान से जा भिड़ी तो आसपास के लोगों ने बचाओ-बचाओ की चीख-पुकार मचा दी। आरोपी के भागने के बाद लोगों ने धक्का देकर वाहन को धकेला और राधे को बाहर निकाला, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी।
मृतक के परिवार में मचा कोहराम
आटा चक्की संचालक राधे गौड़ के परिवार में पत्नी के साथ ही बेटी-बेटे हैं। पिता की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। आसपास के लोगों ने परिवार को संभाला है। एंबुलेंस आरटीओ में शोभा अहिरवार शहीद नगर उज्जैन के नाम रजिस्टर्ड है। पुलिस आरोपी को पकडऩे का प्रयास कर रही है।