संपर्क क्रांति के इंजिन से एक घंटे लटकी रही युवक की लाश, युवक की पहचान नहीं

Feb 24 2022

ग्वालियर। झांसी रोड थाना क्षेत्र के मंशा देवी मंदिर और विक्की फैक्ट्री के बीच डाउन ट्रैक पर एक युवक के ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। युवक का शरीर ट्रेन के इंजन में इस तरह से फंसा हुआ था कि उसे निकालने के लिए सुपर फास्ट कर्नाटक संपर्क क्रांति एक्सप्रेस को तकरीबन एक घंटे तक डाउन ट्रैक पर रोके रखा गया। क्षत-विक्षत शव को रिकवर करने के बाद ट्रेन रवाना की गई। युवक की पहचान नहीं हो सकी है।
युवक के कान में ईयर फोन की लीड लगी थी, लेकिन उसके पास मोबाइल नहीं मिला है। युवक का शव ट्रेन में फंस कर तकरीबन एक किलोमीटर तक घिसटता रहा। उसका सिर पूरी तरह से कुचल गया था। मृतक के पास से ऐसा कुछ भी नहीं मिला है, जिससे पहचान हो सके। तकरीबन 25 साल के इस युवक के शरीर पर पेंट शर्ट के अलावा कुछ नहीं मिला है। यह भी पता नहीं चला है कि युवक ने ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या की है या वह ट्रैक को पार करते हुए संपर्क क्रांति की चपेट में आया है।
झांसी रोड थाना प्रभारी संजीव नयन शर्मा बताया कि अज्ञात युवक की मौत पर मर्ग कायम कर लिया है। उसके शरीर के अवशेष और कपड़ों को लेकर आसपास के थानों की पुलिस को सूचना दे दी गई है, ताकि युवक की पहचान में मदद मिल सके।