एटीएम कांड में गैंग सरगना खुर्शीद खान को पुलिस की संयुक्त टीम ने पलवल से गिरफ्तार किया

Feb 23 2022

ग्वालियर। मुरैना, ग्वालियर, शिवपुरी और श्योपुर में गैस कटर से एटीएम काटकर पुलिस को हलाकान करने वाला हरियाणा का मेवात गैंग पूरे देश में एटीएम में वारदात करता है। गत दिवस गैंग के लीडर खुर्शीद खान को शहर पुलिस व मुरैना पुलिस की संयुक्त टीम पलवल के अंदरौला गांव में दबिश देकर पकड़कर लाई है।
खुर्शीद ने पुलिस की पूछताछ में ग्वालियर में तीन एटीएम से लाखों रुपए चोरी करने वाले तीनों बदमाशों के नाम उगल दिए हैं। खुर्शीद की गैंग ने ही जौरा रोड पर स्थित एसबीआई का एटीएम और मुरैना के एरिया रोड पर एसबीआइ का एटीएम काटकर लाखों रुपये लूटे थे। आज मुरैना पुलिस खुर्शीद को पूछताछ के लिए लेकर जा सकती है। चूंकि गैंग के लीडर ने तीनों आरोपियों के नाम पुलिस को बता दिए हैं तो अब पुलिस की कई टीम बदमाशों के नाम मिलने के बाद उनके ठिकानों पर रवाना हो गई हैं।
 ग्वालियर पुलिस ने हरियाणा पुलिस से मेवात गैंग के बारे में कई जानकारियां हासिल की हैं। बताया जाता है कि मेवात गैंग के फरार चल रहे अपराधियों के मोबाइल नंबर की लोकेशन भी वहां मौजूद टीम चेक कर रही है। सूत्रों की माने तो बदमाश इस समय राजस्थान इलाके में हैं।
बता दें कि पिछले शनिवार-रविवार की दरमियानी रात आई20 कार में सवार होकर आए बदमाशों ने सेवानगर में स्थित स्टेट बैंक आफ इंडिया, उसके बाद रविनगर में इसी बैंक के एटीएम काटा। इसके बाद बदमाशों ने शताब्दीपुरम स्थित सेंट्रल बैंक का एटीएम काटकर 43 लाख रुपये से अधिक की राशि लूट कर ले गए थे। जांच में सामने आया था कि फुटेज में कार व बदमाशों के चेहरे स्पष्ट नहीं थे। 
हरियाणा का मेवाती गैंग पूरे देश में करता है वारदात
मेवात गैंग बहुत बड़ी है। यह वारदात के वत अपने साथ हथियार भी रखते हैं। कुछ माह पहले गुडग़ांव के धनकोट के एक्सिस बैंक के एटीएम को काट कर पैसे चुराने व पीसीआर पर हमला करने वाले मेवात गैंग से है। ग्वालियर पुलिस का दावा है कि वह उनके बहुत करीब है जल्द ही उनको गिरफ्तार कर पूरी वारदात का खुलासा किया जाएगा।
एडीशनल एसपी क्राईम राजेश दंडोतिया ने बताया कि गैंग सरगना खुर्शीद से हमारी पूछताछ जारी है। टीमें ऑपरेशन पर हैं। उम्मीद है कि जल्द ही बदमाशों को पकड़ लियाजाएगा।