बदमाशों ने एसबीआई के 3 एटीएम काटकर चुराए 43 लाख 68 हजार- पुलिस करती रह गई गश्त

Feb 20 2022

ग्वालियर। बदामाशों की गैंग ने गत रात तीन एटीएम पर धावा बोल कर गैस कटर से एटीएम काटे और करीब 43 लाख से ज्यादा की नगदी पर हाथ साफ कर दिया। तीन एटीएम पर एक साथ चोरी की सूचना पर पुलिस चकरघिन्नी हो गई है। एटीएम तोडऩे वाले गैंग ने अभी तक की सबसे बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। गैंग ने रवि नगर, सेवा नगर में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया और डीडी नगर महाराजपुरा में सेन्ट्रल बैंक ऑफ इंडिया के एटीएमों को तोड़कर करीब 43.68 लाख रुपए चोरी किए हैं। यह वारदात अभी तक की सबसे बड़ी वारदात है।
पुलिस की गश्त और चौकसी के दावों के बीच पुलिस चौकियों के पास एटीएम को निशाना बनाकर बदमाशों ने बता दिया कि वह कितने बेखौफ हैं। वारदात का पता चलते ही पुलिस अफसर स्पॉट पर पहुंचे हैं और जांच में जुट गए हैं। वारदात किसी एक ही गैंग ने की है। बदमाश कार से आए थे और मुरैना की ओर जाने का पता लगा है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
पहली वारदात पड़ाव की फूलबाग चौकी से करीब आधा किलोमीटर की दूरी पर रवि नगर में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम पर हुई है। यहां रात 1.25 बजे बदमाशों ने गैस कटर से एटीएम मशीन को काटकर चेस्ट निकाल लिया। इसके बाद चेस्ट में लगे लगभग 17 लाख रुपए चोरी कर ले गए। रात को पुलिस गश्त का दावा करती है, लेकिन एटीएम में ताबड़तोड़ वारदात होती रही और पुलिस सोती रही।
दूसरी वारदात रात 2 बजे के लगभग पहली वारदात से सिर्फ आधा किलोमीटर की दूरी पर सेवानगर ग्वालियर में हुई है। यहां भी एटीएम तोडऩे वाली गैंग ने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम को टारगेट कर गैस कटर से काटा और चेस्ट निकालकर उसमें से करीब 13 लाख रुपए चोरी किया है। वारदात का पता घटना के कुछ देर बाद चला। यहां भी पुलिस की गश्त और चौकसी को बदमाश ठेंगा दिखा गए।
तीसरी वारदात दोनों स्पॉट से करीब 4 किलोमीटर दूर डीडी नगर पुलिस चौकी के पास सेन्ट्रल बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम पर हुई है। यहां कार से पहुंचे बदमाशों ने गैस कटर का उपयोग कर एटीएम मशीन को काटा और फिर चेस्ट ही निकाल ले गए। जिसमें करीब 13.68 लाख रुपए रखे थे। यह वारदात के बाद भी पुलिस की गश्त पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
इस तरह दिया वारदात को अंजाम
बदमाशों ने सबसे पहले गैस कटर से मशीन को काटा और उसके बाद चेस्ट निकाल कर ले गए, जिसमें पूरा पैसा रखा होता है। अब पुलिस बैंक अफसरों का इंतजार कर रही है, जिससे बदमाशों के आने करने और वारदात को अंजाम देने के फुटेज मिल सकें। पुलिस को आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों में एक कार वारदात के समय कैद हुई है। वहीं पुलिस को पड़ताल में पता चला है कि तीनों एटीएम बूथ में एक दिन पहले ही पैसा भरा गया था और तीनों एटीएम में करीब आधा करोड़ रुपए डाले गए थे।
सीरियल चोरी से बैंक प्रबंधन के उड़े होश
एक साथ तीन एटीएम मशीनों को गैस कटर से काटने के बाद नकदी चुराने की वारदात से पुलिस के साथबैंक प्रबंधन के भी होश उड़ गए हैं। खास बात है कि चोरों ने एटीएम कोगैस कटर से काटा है, लेकिन पीछे कोई सबूत नहीं छोड़ा है।
इस मामले में एसएसपी अमित सांघी ने बताया कि शहर के तीन एटीएम काट कर बदमाशों ने वारदातों को अंजाम दिया है। पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे है, जिनकी तस्दीक कराई जा रही है। जल्द ही बदमाशों को पकड़ लिया जाएगा।