चार दिन सूरज क्या चमका चुभने लगे गर्म कपड़े

Feb 19 2022

ग्वालियर। सर्दी से राहत मिली तो अब दोपहर में गर्म कपड़ों ने बेचैन करना शुरु कर दिया है। हालांकि अभी रात में और अलसुबह जरूर ठंड का अहसास बना हुआ है, लेकिन सूर्य की किरणों के जमीन पर पैर पसारते ही सारा माहौल गर्मी में परिवर्तित होने लगता है। लगातार खिल रही तेज धूप के असर से दिन का पारा जहां अभी से तीस डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंचने लगा है, वहीं रात का पारा भी हार मानने को तैयार नहीं हैं। यह बीती रात 11 डिग्री सेल्सियस के समीप पहुंच गया था, जो कि सामान्य से 0.1 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। यही नहीं अब मौसम के जानकारों का कहना है कि मौसम में किसी भी तरह के बदलाव की संभावना नहीं है, बल्कि गर्मी अपना असर लगातार बढ़ाएगी। 27 व 28 फरवरी को जरूर हल्के बादल छा सकते हैं।
हालात यह हैं कि दोपहर 12 बजे के बाद तो हल्के गर्म कपड़ों में भी शरीर पसीना-पसीना होने लगता है, वहीं इनकी चुभन चैन नहीं लेने देती। ऐसे में जो सुबह घर से गर्म कपड़े पहनकर काम पर निकलते हैं उन्हे दोपहर में इन्हें या तो हाथ में पकडऩा पड़ता है या फिर खूंटी पर टांगना पड़ता है।
जहां एक ओर सर्दी से राहत मिलते ही शहर का जनजीवन पूरी तरह सामान्य हो गया है, वहीं बाजार के मिजाज में भी परिवर्तन शुरु हो गया है। कल तक जहां हीटर और ब्लोअर खरीदने लोग पहुंच रहे थे और दुकानदारों को फुरसत नहीं मिल रही थी, वहीं अब इन इलेक्ट्रोनिक्स की दुकानों और शोरूम पर पंखे, कूलर और फ्रिज बिक्री के लिए जमा दिए गए हैं, हालांकि अभी इन्हे खरीदने वालों की संख्या न के बराबर है, लेकिन जिस तरह से गर्मी बढ़ रही है। उससे उन्हें इस बार अच्छी आमदनी की उम्मीद है। कूलर वालों के तो चेहरों पर जबरदस्त मुस्कान है। बीते दो साल से वह कोरोना के कारण धंधा नहीं कर पा रहे थे, लेकिन इस बार इनके द्वारा भी गोदामों में कूलर बनाने का काम तेज कर दिया गया है। 
इसके साथ ही पहनावे की दुकानों पर भी फुल स्लीव टीशर्ट और जर्किन का स्थान हाफ टीशर्ट, स्टाइलिश शर्ट, शॉर्ट्स, बरमूड़ा ने ले लिया है, वहीं महिला एवं युवतियों के साथ बच्चों के गर्मी के वस्त्र भी जगह ले चुके हैं। यानि सर्दी को अलविदा कहने का वक्त आ गया है।