किले की तलहटी में मिले नवविवाहिता के शव की पहचान के लिए पुलिस लगी

Feb 18 2022

ग्वालियर। ग्वालियर किले से गत शाम एक नवविवाहिता ने कूदकर जान दे दी। नवविवाहिता का शव पहाड़ी पर मिला है। नवविवाहिता की शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस ने शव को पीएम के लिए डेड हाउस भेज दिया। मौके पर एफएसएल टीम भी पहुंची। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
किले की तलहटी घासमंडी पुलिस चौकी के पास गत शाम को मिले नवविवाहिता के शव की शुक्रवार सुबह तक पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस शव की पहचान के लिए किले पर जाने वाले मार्ग में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकार्डिंग देख रही है। ताकि यह पता चल सके कि मृतका किले तक किसी के साथ आई थी, या फिर अकेली आई थी। पुलिस ने शहर व देहात के थानों को नवविवाहिता का शव मिलने की सूचना दे दी है।
गुरुवार की शाम को क्षेत्र के लोगों ने पुलिस को सूचना दी थी कि एक युवती किले के सुसाइड प्वाइंट से गिरी है। और उसका शव घासमंड़ी पुलिस चौकी के ऊपर किले की तलहटी में पड़ा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को निगरानी में ले लिया। मृतका के सिर में गंभीर चोट लगी है। और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतका आसमानी रंग की साड़ी पहने हुए है। उम्र 25 वर्ष के लगभग सुहाग चिन्हों से ऐसा लगा रहा है कि नवविवाहिता है। पुलिस ने शव की पहचान व कैसे गिरी है, इसका पता लगाने के लिए उस प्वाइंट को पुलिस देखने गई थी, जहां से नवविवाहिता का कूदना बताया जा रहा है। उस प्वाइंट पर पहचान संबंधी कुछ नहीं मिला है। शुरुआती जांच के बाद पुलिस ने शव को डेड हाउस में सुरक्षित रखवा दिया था।
पुलिस शव की पहचान के लिए किले के चौकीदार व अन्य लोगों से पूछताछ कर नवविवाहिता के किले पर आने के संबंध में जानकारी जुटा रही है। शुरुआती जांच में पुलिस को आशंका है कि नवविवाहिता ने किले से कूदकर आत्महत्या की है। ग्वालियर थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
एएसआई गंभीर सिंह का कहना है कि नवविवाहिता के शव पास ऐसा कोई दस्तावेज नहीं मिला है, जिससे शिनाख्त की जा सके। फिलहाल, शव को पीएम के लिए भेज कर परिजनों की तलाश की जा रही है।