गर्मी आने से पहले ही पानी की किल्लत शुरू

Feb 16 2022

ग्वालियर। अभी गर्मी का ठीक से पदापर्ण भी नहीं हुआ और शहर में पानी की किल्लत ने पांव पसारना शुरू कर दिए। लक्ष्मण तलैया क्षेत्र में पानी की किल्लत होने से आमजन में भारी आक्रोश व्याप्त है। यहां लोग अपने सारे कामकाज छोड़ पीने के पानी के लिए आसपास के हैंडपंप आदि का सहारा ले रहे हैं। स्थानीय नागरिकों ने बताया कि पानी की किल्लत इस क्षेत्र में काफी समय से है और लोगों ने स्थानीय पार्षद से कई बार इस संबंध में शिकायत की लेकिन आज तक लोगों की समस्या का निदान नहीं हुआ जिसके कारण लोगों को पानी के लिए इधर उधर भटकना पड़ता है। लोग अपने कामकाज छोड़ पानी के लिए लंबी-लंबी लाइन में लगते हैं तब कहीं जाकर उन्हें बड़ी मशकत के बाद पानी मिलता है। लोगों ने बताया कि गर्मी के मौसम में तो पानी के लिए हाहाकार मच जाता है और जब लोगों को पानी की अधिक आवश्यकता होती है तब यहां हैंडपंप पर घंटों पानी के लिए इंतजार करना पड़ता है।
शहर में कई क्षेत्र ऐसे हैं जहां पानी के लिए लोगों को दूर-दूर तक भटकना पड़ता है तब कहीं पानी नसीब होता है। हर साल नगर निगम द्वारा शहर की पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए लाखों रुपए बर्बाद किया जाता है फिर भी शहरवासियों को पानी के लिए जूझना पड़ता है।