फरवरी के दूसरे पखवाड़े में ही गर्मी ने दी दस्तक-दिन के समय गर्म कपड़ों से परहेज करने लगे लोग

Feb 16 2022

ग्वालियर। मौसम कब कैसा हो जाए कहना मुश्किल ही नहीं बल्कि असंभव सा प्रतीत होता है। अभी कुछ समय पूर्व लोग जहां कड़ाके की ठंड से ठिठुर रहे हैं वहीं अचानक से मौसम में आए बदलाव ने लोगों को गर्मी का अहसास करा दिया। सुबह-शाम की हल्की ठंडक के अलावा दिन के समय अच्छी-खासी गर्मी हो गई और दिन में लोग गर्म कपड़ों से परहेज करने लगे। हालांकि रात्रि के समय अभी भी सर्दी का असर दिखाई दे रहा है।
उल्लेखनीय है कि मौसम कब किस रंग में आ जाए और लोगों की दिनचर्या प्रभावित कर दे कहना मुश्किल ही नजर आ रहा है। अमूमन शिवरात्रि के बाद तक सर्दी का असर रहता है पर इस साल फरवरी के पहले पखवाड़े में ही गर्मी ने अपने तेवर दिखाना शुरू कर दिए। इस लिहाज से मार्च के आखिर तक अर्थात होली के बाद गर्मी लोगों को पसीना-पसीना कर देगी। अचानक से बदले मौसम के कारण नोगों की दिनचर्या बदल गई है और लोग दिनभर साधारण कपड़ों में ही नजर आने लगे हैं। यहां तक कि घरों में कूलर आदि की सफाई व रिपेयरिंग करवाना शुरू करवा दिया है।
उधर बदले मौसम ने जहां लोगों की दिनचर्या बदल कर रख दी वहीं दूसरी ओर सर्दी और गर्मी के मिश्रित मौसम के चलते लोग विभिन्न बीमारियों से ग्रसित होकर चिकित्सकों की शरण में पहुंच रहे हैं। मौसम का सबसे अधिक असर बच्चों और महिलाओं व बुजुर्गों पर पड़ रहा है। मौसम विभाग की माने तो मार्च के आखिर में गर्मी अपने अच्छे खासे तेवर दिखाएगी और लोगों को गर्मी परेशान करेगी।
खुलने लगी गन्ने के रस की दुकानें
अचानक बदले मौसम और गर्मी के दस्तक देने के साथ ही शहर में गन्ने के रस की दुकानें और कोल्ड ड्रिंक आदि की दुकानों की साफ-सफाई शुरू हो गई। दिन के समय आमजन भी गर्मी से निजात पाने के लिए कोल्ड ड्रिकं और अन्य शीतल पेय पदार्थ का उपयोग करने लगे हैं।