गायब शिक्षक का शव उसी के फ्लैट में पलंग पर मिला, मुंह पर बंधी थी पालीथिन

Feb 16 2022

ग्वालियर। पिछले 24 घंटे से गायब निजी स्कूल के शिक्षक हेनरी अलेक्जेंडर का शव उनके सुरेश नगर स्थित पीतांबरा विला के फ्लैट में मिला। शिक्षक का शव पलंग पर पड़ा था और शरीर पर सिर से लेकर पालीथिन लिपटी हुई थी। गले पर पालीथिन टेप से चिपकी हुई थी। जिससे सांस लेने तक की जगह नहीं थी। पुलिस को आशंका है कि शिक्षक ने अजीबो-गरीब तरीके से आत्महत्या की है, लेकिन दम घुटने पर युवक ने बचने के लिए हाथ-पैर क्यो नहीं चलाए? यह सवाल पुलिस के सामने है। फिलहाल पुरानी छावनी थाना पुलिस ने स्वजन की सूचना पर मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस ने पड़ताल के लिए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया।
चार शहर का नाका निवासी 35 वर्षीय हेनरी अलेक्जेंडर पुरानी छावनी स्थित सेंट जोन वियानी स्कूल पुरानी छावनी में शिक्षक थे। सुबह वे घर से स्कूल जाने की कहकर निकले थे, लेकिन इसके बाद घर नहीं लौटे। दोपहर तक उनके घर नहीं लौटने पर स्वजन को चिंता हुई। हेनरी अपना मोबाइल घर पर ही छोड़ गए थे। स्वजन ने शाम से ही हेनरी को तलाशना शुरू किया, लेकिन उनका कुछ पता नहीं चला। रात में ही स्वजन ने हेनरी के गायब होने की सूचना पुरानी छावनी थाना पुलिस को दी। जिसके बाद पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर ली।
हेनरी के परिवार का सुरेश नगर में स्थित पीतांबरा विला में एक फ्लैट है। इस फ्लैट को वे किराये पर देते हैं, फिलहाल यह फ्लैट अभी खाली है। अमूमन किरायेदार को फ्लैट दिखाने के लिए हेनरी ही जाते थे, इसलिए स्वजन को संदेह हुआ कि वह फ्लैट पर तो नहीं गए। दोपहर को उन्हें तलाशते हुए स्वजन फ्लैट पर पहुंचे। फ्लैट अंदर से बंद था, किसी तरह स्वजन कुंदी खोलकर फ्लैट के अंदर पहुंचे। दरवाजा खोलते ही हेनरी का शव पलंग पर पड़ा देखकर स्वजन अवाक रह गए। फ्लैट में गुमशुदा का शव मिलने की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
हेनरी अलेक्जेंडर के सिर से लेकर गर्दन तक पालीथिन लिपटी हुई थी। साथ ही गर्दन पर इस तरह से टेप चिपकाया गया था जिससे सांस लेने तक की जगह नहीं थी। एक और पालीथिन के साथ टेप पास में ही रखा हुआ था। पुलिस को आशंका है कि दम घुटने के कारण शिक्षक की मौत हुई है। थाटीपुर थाना प्रभारी दीपक यादव ने बताया कि शुरुआती जांच में ऐसा लग रहा है कि शिक्षक ने सिर से लेकर गर्दन तक पालीथिन में स्वयं को पैक कर आत्महत्या की है।
मृतक हेनरी अलेक्जेंडर का जन्मदिन 12 फरवरी को था। हेनरी अंतिम बार सीसीटीवी कैमरे के फुटेज में बारादरी चौराहे पर नजर आया है। इससे स्वजन को आशंका हुई कि हेनरी हो सकता है कि सुरेश नगर स्थित फ्लैट पर गया हो। इसके बाद फ्लैट पर पहुंचने पर उनका शव मिला। मृतक के दो बेटी हैं, एक तीन साल की तो दूसरी दो साल की है। स्वजन का कहना है कि कुछ दिन से हेनरी उदास था।
जब दम घुटता है तो व्यक्ति हाथ-पैर चलाता है, लेकिन पालीथिन किसी भी स्थान से फटी नहीं थी। इससे सवाल उठता है कि हेनरी ने दम घुटने के समय बचने के लिए हाथ क्यों नहीं चलाए। दूसरा सवाल है कि अगर शिक्षक ने आत्महत्या की है तो क्यों की। शुरुआती जांच में पुलिस को पता चला है कि मृतक की स्वजन से किसी बात को लेकर अनबन चल रही थी। पुलिस शिक्षक की संदिग्ध मौत से जुड़े सवालों का जवाब जानने के लिए पड़ताल कर रही है।