डबरा हाइवे पर ट्रक चालक ने फुल स्पीड में अचानक लगाया ब्रेक, तीनों की मौत

Feb 14 2022

ग्वालियर। डबरा में देर रात एक दर्दनाक हादसा हुआ है। लिफ्ट लेकर ट्रक में बैठे तीन युवकों की मौत हो गई है। ट्रक चालक नशे में धुत था और उसने 80 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से दौड़ रहे ट्रक में अचानक ऐसा ब्रेक लगाया कि ट्रक में भरीं लोहे की शीट्स खिसकीं और सवारी बनकर बैठे तीन युवकों की गर्दन में घुस गई। एक युवक घायल हुआ है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। सभी मृतक गुलदस्ते बेचने का काम करते थे। वह सैंया आगरा से ट्रक में सवार होकर सिवनी जा रहे थे। पर उन्हें नहीं पता था कि रास्ते में यह हादसा उनकी राह देख रहा है।
इस हादसे में बचे कन्हैयालाल कुशवाह निवासी खैरागढ़, सैया, जिला आगरा ने हादसे की पूरी कहानी अपने शब्दों में बताई है। उसने बताया कि उसे अपने साथियों के साथ सिवनी मध्यप्रदेश जाना था। सभी लोग गुलदस्ते बेचने का काम करते हैं। सैंया में ही एक ट्रक क्रमांक एचआर73 ए-7463 के चालक से उसकी बात हुई। ट्रक चालक ने कहा, पांचों को सिवनी में छोड़ देगा पर 2200 रुपए लगेंगे। 2200 रुपए देकर जब सभी ट्रक के कैबिन में बैठने लगे तो ट्रक चालक ने कहा कि उन्हें पीछे बैठना पड़ेगा। ट्रक में लोहे की शीट्स लदे होने की बात कहते हुए जब हम लोगों ने चालक से कहा कि उनकी जान को खतरा हो सकता है, तो भी ट्रक चालक ने चार लोगों को ट्रक में पीछे बैठने को बाध्य कर दिया, जबकि मैं (कन्हैयालाल कुशवाह) ट्रक के कैबिन में आगे ही बैठ गया।
घटना के चश्मदीद कन्हैयालाल ने बताया कि देर रात डबरा में हाईवे पर ट्रक दौड़ रहा था, जैसे ही हाइवे स्थित रंगे पंजाब ढाबा के पास से ट्रक निकला तो 80 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार में था। ट्रक चला रहे कुंअरपाल ने ट्रक में एकदम से ब्रेक लगा दिया। जिससे लोहे की शीट्स सरकीं और इसकी चपेट में चंदन सिंह, सोनपाल और टिंकू उर्फ पिंकू कुशवाह आ गए। तीनों को सोचने या समझने तक का मौका नहीं मिला और गर्दन कट गई। कुछ दूरी पर बैठा करतार सिंह बच गया पर इसे पैर में चोट आई।
क्रेन की मदद से निकलवाए शव
घटना की सूचना मिलते ही डबरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। सबसे पहले पुलिस ने क्रेन की मदद से लोहे की शीट्स को हटवाया, जिसमें तीन लोगों की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शवों को निगरानी में लिया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया है। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्जकर लिया है। चश्मदीद ने चालक के नशे में होने की बात कही है। पुलिस उ सका एल्कोहल टेस्ट भी करा रही है।
गुलदस्ते बेचने का करते हैं काम
मृतक सभी सैंया आगरा यूपी के रहने वाले हैं और यह मध्य प्रदेश के विभिन्न शहरों में गुलदस्ते बेचने का काम करते हैं। यह घर पर यही कहकर निकले थे कि सिवनी मध्य प्रदेश जा रहे हैं, लेकिन यह नहीं पता था कि रास्ते में मौत उनका इंतजार कर रही है। सभी के परिवार वालों को पुलिस ने सूचना दे दी है। वह ग्वालियर के डबरा पहुंच रहे हैं।