ट्रक-डंपर की भिड़ंत में पुलिस ने डंपर की बॉडी को फनर से काट कर बचाई ड्राइवर की जान

Feb 13 2022

ग्वालिय। तेज रफ्तार ट्रक ने डंपर में टक्कर मार दी। घटना बहोड़ापुर एबी रोड की है। टक्कर इतनी तेज थी कि डंपर ड्राइवर वाहन में बुरी तरह से फंस गया। करीब दो घंटे चालक की जान क्षतिग्रस्त डंपर की बॉडी में फंसी रही।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर प्रयास शुरू किए। जब तक मदद आती जवानों ने फनर से बॉडी के पार्टस काट-काटकर चालक को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। पुलिस के प्रयास से चालक की जान बच गई। हादसे में पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
लखनौती निवासी रवि गुर्जर के पास डंपर है। जिसे बड़की सराय निवासी रवि कुशवाह चलाता है। डंपर नंबर एमपी07 जीबी-6304 में बिलौआ से गिट्टी भरकर रवि मुरैना जा रहा था। अभी वह बहोड़ापुर स्थित एबी रोड पर पहुंचा ही था तभी अचानक ट्रक नंबर एमपी07 एचबी-7667 ट्रांसपोर्ट नगर से निकला। अचानक सामने आए ट्रक को देखकर रवि ने बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक वह ट्रक से जा टकराया।
हादसे का पता चलते ही एसआई मोहन सिंह, आरक्षक रूस्तम, दिलीप सिंह मौके पर पहुंचे और घायल चालक रवि को निकालने का प्रयास किया, लेकिन वह डंपर की बाड़ी चिपकने से उसमें फंसकर रह गया। इसके बाद पुलिस ने टीपी नगर से फनर मंगवाए और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद डंपर चालक को बाहर निकाला। पुलिस ने घायल चालक को उपचार के लिए भर्ती कराकर आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।