एनएसयूआई नेताओं पर केस दर्ज किए जाने के विरोध में कांग्रेसी गांधी प्रतिमा के सामने उपवास पर बैठे

Feb 12 2022

ग्वालियर। हजीरा सब्जी मंडी विवाद के दौरान एनएसयूआइ को पुतला दहन से रोकते समय एसआई आग से झुलस गए थे। इस मामले में पुलिस ने एनएसयूआई नेताओं पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया था। जिससे कांग्रेस की मुश्किल बढ़ गई है। क्योंकि अब कांग्रेस का पूरा फोकस अपने कार्यकर्ताओं पर दर्ज हुए केस को वापस करवाने पर हो गया है। एनएसयूआई कार्यकर्ताओं पर केस दर्ज किए जाने के विरोध में शनिवार  सुबह कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने फूलबाग पर गांधी प्रतिमा के सामने उपवास कर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष डा देवेंद्र शर्मा, विधायक डा सतीश सिकरवार व प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री सुनील शर्मा के नेतृत्व में कांग्रेसी शनिवार की सुबह से फूलबाग स्थित गांधी प्रतिमा के सामने एक दिन के उपवास पर बैठे। कांग्रेसी छात्र नेताओं के खिलाफ दर्ज हत्या के प्रयास का मामला वापस लेने की मांग कर रहे हैं। इस मामले में पांच छात्र नेता न्यायिक हिरासत में जेल में हैं। एक को पुलिस तलाश रही है। इन नेताओं पर पुतला दहन के दौरान एसआई दीपक गौतम पर पेट्रोल डालकर जलाने का आरोप है। जबकि कांग्रेस पुतला दहन के दौरान हुई छीना- छपटी में हुए इस हादसे को महज दुर्घटना बता रही है। इस संबंध में कांग्रेसी एसएसपी अमित सांधी को भी ज्ञापन दे चुके हैं और कलेक्ट्रेट का घेराव भी कर चुकी है।
फल-सब्जी विक्रेताओं के पुर्नवास की मांग
उपवास पर बैठे कांग्रेसी हजीरा मंडी से विस्थापित किए गए फल-सब्जी विक्रेताओं को उसी स्थान पर उनका पुर्नवास करने की मांग कर रहे हैं। जबकि जिला प्रशासन ने इन दुकानदारों को इंटक मैदान में शिफ्ट कर दिया है। धरना देने वालों में अमर सिंह माहौर, इस्माइल खां पठान, वीर सिंह तोमर, सुनील श्रीवास सहित काफी संख्या में कांग्रेसी शामिल हैं।