कांग्रेस ने एसपी को ज्ञापन देकर, पार्टी कार्यकर्ताओं पर दर्ज प्रकरण बापस लेने की मांग की

Feb 08 2022

ग्वालियर। प्रदेश कॉग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री रामनिवास रावत और विधायक डॉ.सतीश सिकरवार के नेतृत्व में आज पुलिस अधीक्षक अमित सांघी को ज्ञापन देकर मांग की है कि कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं पर लगाये गए झूठे दर्ज मुकदमे वापस लिए जाएं। ज्ञापन में कहा गया है कि कॉग्रेस पार्टी के छात्रनेता शिवराज यादव और अन्य 6 कार्यकर्ताओं पर फूलबाग चौराहे पर पुतलादहन के समय दुर्घटनावश एक एसआई झुलस गए थे, उनके प्रति कांग्रेस पार्टी की गहरी सम्बेदना है। ज्ञापन में आगे कहा है कि लोकतंत्र में आये दिन विरोध प्रदर्शन और पुतलादहन कार्यक्रम राजनीतिक दलों द्वारा किये जाते रहे हैं। पुतलादहन के दौरान कई वार जन प्रतिनिधियों के साथ भी गंम्भीर हादसे होते रहते हैं। एसआई के साथ घटी घटना भी हादसा है। किसी षड्यन्त्र से यह घटना घटित नहीं हुई है। ऐसे प्रदर्शन भाजपा द्वारा बिपक्ष में रहने के दौरान किये जाते रहे हैं। लेकिन कॉग्रेस कार्यकर्ताओं पर द्वेष पूर्ण रवैया अपनाते हुए 307 जैसे आपराधिक प्रकरण दर्ज किया जाना सरासर गलत है। ज्ञापन में कहा गया है कि इस प्रकरण की 3 दिन में निष्पक्ष जांच करवाकर प्रकरण को स्थगित किया जाए। अन्यथा मेरे एवं कॉग्रेस पार्टी के कार्यकर्तओं द्वारा आपके कार्यालय पर चरणबद्ध धरना, प्रदर्शन क्रमबद्ध आंदोलन किया जाएगा। 

मीडिया से चर्चा करते हुए डॉ.सिकरवार ने कहा कि प्रशासन जांच कर रहा है। हम तीन दिन बाद आंदोलन की रूपरेखा तय करेंगे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर गलत तरीके से मामला दर्ज किए गये है। पूरी कांग्रेस पार्टी गरीबों और कार्यकर्ताओं की लड़ाई में साथ खड़ी है। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस के महासचिव सुनील शर्मा, अलबेल सिंह घुरैया एवं अबधेश कौरव समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे ।