मुरार में अधेड़ ने लायसेंसी बंदूक से गोली मारकर की आत्महत्या

Feb 08 2022

ग्वालियर। मुरार थाना क्षेत्र स्थित बंशीपुरा निवासी एक अधेड़ ने घर पर अपनी ही लाइसेंसी बंदूक से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। मृतक पेशे से किसान था। आत्महत्या के कारण का पता लगाने के लिए पुलिस परिजन और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। हालांकि पुलिस घटना के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
मुरार थाना प्रभारी शैलेन्द्र भार्गव ने जानकारी दी कि वंशीपुरा स्थित उत्तम शिक्षा निकेतन के सामने किसान नरेन्द्र सिंह राजपूत पुत्र कृपाराम राजपूत उम्र 55 साल ने कमरे में बंद होकर 315 बोर की लायसेंसी बंदूक से गोली मारकर आत्महत्या कर ली है। घटना का पता मंगलवार सुबह आठ बजे पता चला जब मृतक के पिता घर पहुंचे। उन्होंने देखा कि सुबह जल्दी उठने वाले नरेन्द्र अब तक क्यों नहीं उठे हैं। उनके कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। इस घर के पास ही मृतक के बेटे का निवास है उसे भी किसी आशंका के चलते बुला लिया। दरवाजा किसी प्रकार से खोला तो सामने नजारा देख उनके पैरों से जमीन खिसक गई। पेशे से किसान नरेन्द्र का शव फ्लोर पर पड़ा था। खून भी फैला हुआ था। मौके पर पुलिस भी पहुंची। फोरेंसिक एसपर्ट की टीम ने भी जांच शुरू कर दी। यह घातक कदम क्यों उठाया है, इससे मृतक के परिवारजन भी सकते में हैं।
बताया जाता है कि मृतक नरेन्द्र राजपूत कई दिनों से किसी परेशानी से जूझ रहे थे। वे बड़े किसान थे। पुलिस की प्रथम जांच में सामने आया है कि स्वयं को उन्होंने देर रात ही गोली मारी है। जांच में यह भी सामने आया है कि वह पारिवारिक परेशानी से भी परेशान थे। उनके तीन पुत्र-पुत्रियां हैं। भरा-पूरा परिवार है। आर्थिक संकट भी नहीं था। ऐसे में आत्महत्या करना किसी के गले नहीं उतर रहा है। 
मौके पर लगी लोगों की भीड़
मृतक के बारे में उनके पड़ौसियों ने बताया कि वह काफी मिलनसार व्यक्ति था। हर किसी के दुख और सुख में हमेशा खड़ा रहता था। स्थानीय लोगों को जैसे ही उसके द्वारा आत्महत्या किए जाने की खबर लगी, मौके पर लोगों की बड़ी संख्या में भीड़ लग गई। लोगों का कहना है कि नरेन्द्र राजपूत का व्यवहार सभी से अच्छा था। हमने कभी नहीं सोचा था कि जिंदादिल इंसान बीमारी से तंग आकर यह कदम उठा लेगा। उसकी मौत के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त है। 
घटना की सूचना मिलते ही एडीशनल एसपी, सीएसपी, टीआई बल के साथ मौके पर पहुंचे। शव का पंचनामा कार्रवाई कर पोस्ट मार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा है। 
मुरार थाने के एसआई अतर सिंह कुशवाह का कहना है कि फिलहाल पता नहीं चला है कि किन कारणों के चलते उसने आत्महत्या की है। जांच में जो तथ्य आएंगे उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।