डकैती की योजना बनाते चार बदमाश पकड़े, मोहनपुर टोल प्लाजा था टारगेट

Feb 07 2022

ग्वालियर। मुरार थाना पुलिस ने पांच लोगों को डकैती की योजना बनाते हुए पांच कट्टे, पांच कारतूस और एक बाइक समेत बोलेरो के साथ पकडऩे में सफलता प्राप्त की है। पकड़े गए आरोपियों ने कई पुरानी घटनाओं को अंजाम देने का अपराध भी स्वीकार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अमित सांघी को मुखबिर से टिप मिली कि मोहनपुर पुल टोल प्लाजा के पास कुछ बदमाश हथियारबंद होकर किसी गंभीर घटना को अंजाम देने की फिराक में है।
एसएसपी ने अति. पुलिस अधीक्षक, शहर पूर्व राजेश दण्डोतिया को बदमाशें को पकडऩे के निर्देष दिए। उन्होंने थाना मुरार व क्राईम की संयुक्त टीम बनाकर मुखबिर के बताए स्थान पर जाकर भेजा। टीम ने देखा कि एक सफेद रंग की बोलेरो नंबर एमपी04-बीए 7635 में चार बदमाश आपस में बैठकर मोहनपुर टोल प्लाजा पर डकैती की योजना की बात कर रहे हैं। टीम ने चार बदमाशों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। 
पूछताछ करने पर आरोपियों ने अपने नाम कौशल पुत्र सिंकदर गुर्जर निवासी पारसेन, विशाल पुत्र गंधर्व जाटव निवासी खासीपुरा गोहद, पवन पुत्र रामकतियार निवासी पारसेन, रघुवन पुत्र रामनाथ जाटव निवासी गोहद और रामवीर पुत्र अमृतलाल बाल्मीक निवासी गोहद बताया। जप्त की गई बुलोरो पकड़े गए आरोपी विशाल की है और आरटीओ में बेताल सिंह पुत्र गंधर्व सिंह निवासी वार्ड 18 ग्वालियर रोड गोहद के नाम रजिस्टर्ड है। पूछताछ में आरोपियों ने उगला है कि वह पूर्व में भी कई वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। पुलिस ने पकड़े गये बदमाशों के विरूद्ध थाना मुरार में धारा 399,400,402,भादवि का प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।