अज्ञात वाहन ने कुचला, दो दोस्तों की मौत

Feb 06 2022

ग्वालियर। सड़क पार कर रहे दो दोस्तों को अज्ञात वाहन ने कुचल दिया, हादसे में दोनों दोस्तों की मौत हो गई है। एक का शव सड़क पर पड़ा मिला है तो दूसरा उछल कर नाले में गिरा है। घटना रविवार सुबह मुरैना रोड होटल रितुराज के पास की है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची है और शवों को निगरानी में लिया है। पता लगा है कि दोनों मृतक ट्रक चालक हैं। वेयर हाउस पर ट्रक खड़ा करने के बाद वह चाय पीने के लिए रास्ता पार कर ढाबा पर जा रहे थे तभी अज्ञात वाहन उन्हें कुचल गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
पुरानी छावनी थाना प्रभारी सुधीर सिंह कुशवाह ने बताया कि रविवार सुबह सूचना मिली थी कि एक युवक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तो देखा कि सड़क पर एक युवक की लाश पड़ी है। पुलिस जांच कर रही थी कि तभी एक अन्य युवक की लाश 20 फीट दूर नाले में पड़ी मिली। दोनों युवकों को गंभीर चोटें लगी थी जिससे साफ था कि दोनों किसी तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आए हैं। टक्कर इतनी तेज थी कि एक युवक उछलकर नाले में आ गिरा। दोनों शवों को निगरानी में लेकर जांच की तो पता चला कि मृतक ट्रक ड्राइवर व क्लीनर है। मृतकों की पहचान शिवपुरी करैरा निवासी नीरज पुत्र इन्द्रपाल सिंह परिहार, छोटू पुत्र प्रेमा कोरी के रूप में हुई है।
पुलिस जांच में पता चला है कि मृतक नीरज परिहार और छोटू कोरी रात को गाड़ी लेकर निकले थे और रविवार सुबह मुरैना रोड पर वेयर हाउस के पास पहुंचे थे। वेयर हाउस में गाड़ी खड़ी कर वह होटल पर चाय पीने जा रहे थे। जब वह सड़क पार कर रहे थे तभी उन्हें अज्ञात वाहन के चालक ने लापरवाही से चलाते हुए टक्कर मार दी। जिसमें दोनों की मौत हो गई।
मृतक छोटू ट्रक चालक है। उसकी परिवारिक स्थिति ठीक नहीं है। दो साल पहले उसके पिता प्रेमा कोरी की हत्या हुई थी। प्रेमा का शव कुंआ में पड़ा मिला था। दूसरा मृतक नीरज परिहार भी घर में अकेला कमाने वाला था। वह तीन भाई हैं, लेकिन वह सबसे बड़ा होने के कारण सबकी जिम्मेदारी उठा रहा था। कुछ साल पहले उसकी मां की संदिग्ध परिस्थितियों में आग लगने से मौत हो चुकी है।
सीसीटीवी कैमरों से सबूत की तलाश
ड्राइवर व क्लीनर को कुचलने वाले आरोपी वाहन का पता लगाने के लिए पुलिस ने आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगालने शुरू कर दिए है। जिससे पता चल सके कि किस वाहन ने उन्हें टक्कर मारी है। फिलहाल पुलिस को कोई सफलता नहीं मिली थी।
खड़े ट्रक से टकराया बाइक सवार, मौत
कोर्ट में लगी तारीख कर वापस आ रहे नगर निगम कर्मचारी सड़क किनारे खड़े खराब ट्रक से टकरा गया। जिससे उसकी मौत हो गई। घटना महाराजपुरा भिण्ड हाइवे पर शनिवार रात की है। लखमीपुर गांव निवासी 50 वर्षीय रतिराम बाल्मीक पुत्र सरमन दास बाल्मीक नगर निगम कर्मचारी है और उसकी भिण्ड कोर्ट में तारीख चल रही है। शनिवार को वह तारीख पर गया था। तारीख करने के बाद वह वापस आ रहा था। अभी वह भिण्ड रोड पर था कि तभी सड़क किनारे खड़ा ट्रक उसे नजर नहीं आया और वह ट्रक में जा घुसा। टक्कर इतनी तेज थी कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद मामला दर्ज कर शव को पीएम हाउस भेज दिया।