एजी ऑफिस पुल पर भिडीं कारें, हुई मारपीट

Feb 03 2022

ग्वालियर। हादसों के पुल के रूप में पहचाने जाने वाले एजी आफिस पुल पर रात फिर दो कारों की भिड़ंत हो गई। सामने से आ रही तेज रफ्तार कार अनियंत्रित हो गई और रांग साइड जाकर सामने से आ रही कार से जा भिड़ी। हादसे में आरोपित वाहन में सवार युवकों ने क्षतिग्रस्त हुए कार के चालक की मारपीट कर दी। मामले का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद आरोपित वाहन चालक व अन्य आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।
पारस विहार निवासी शिवा इंडोतिया पुत्र हर्ष इंडोतिया कैफे संचालक है और पटेल नगर में उनका विस्त्रो कैफे है। रात कैफे का काम खत्मकर टोयटा कार से वह वापस आ रहे थे। अभी वह एजी ऑफिस पुल पर पहुंचे ही थे कि तभी सामने से तेज गति से आ रही कार क्रमांक एमपी 07 सीबी 8557 के चालक का नियंत्रण हट गया और उसने रांग साइड आकर उनकी कार में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही उनकी कार घिसटते हुए फुटपाथ से टकराकर रुक गई। भिड़ंत के बाद कार में से तीन युवक बाहर आए जो शराब के नशे में धुत थे। आरोपी युवकों ने उसे कार से बाहर निकाला और उससे गाली गलौज कर मारपीट कर दी। हादसे का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों को थाने ले गई। जहा पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मारपीट तथा एक्सीडेंट का मामला दर्ज कर लिया है।
एजी ऑफिस स्थित इस ब्लैक स्पॉट पर अक्सर हादसे होते हैं और लोगों की जान जा रही है। इसके बाद भी प्रशासन ने हादसे रोकने की कोई भी पहल नहीं की है।