पुतले की छीना झपटी में सब इंस्पेक्टर दीपक गौतम बुरी तरह से झुलसे

Jan 31 2022

पहले तो हजीरा चौराहे पर ही कांग्रेस नेता की गिरफ्तारी के विरोध में आधा सैंकड़ा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सामूहिक गिरफ्तारी दी, इसके बाद फूलबाग चौराहे पर कांग्रेस नेता धरना देने पहुंच गए। यहां कांग्रेस नेता पहले ही पुतला जलाने के लिए पेट्रोल लेकर पहुंचे थे। जब फूलबाग चौराहे पर कांग्रेस नेताओं ने पुतला जलाने का प्रयास किया तो पुलिस ने उसे छीनने की कोशिश की। पेट्रोल डला होने के कारण पुतले ने तेजी से आग पकड़ ली और इसी छीना झपटी में सब इंस्पेक्टर दीपक गौतम बुरी तरह से झुलस गए। आनन फानन में उनको अस्पताल ले जाया गया है, जहां उनका उपचार किया जा रहा है।
अब तक का घटनाक्रम
हजीरा सब्जी मंडी सहित आसपास लगने वाले ठेलों को प्रशासन ने शिफ्ट कर करीब 70 मीटर दूर इंटक मैदान में बने हाकर्स जोन में भेज दिया था। इस दौरान अधिकांश दुकानदार हाकर्स जोन में शिफ्ट हो गए, लेकिन कुछ सब्जी कारोबारी पुराने स्थान पर कारोबार करने की जिद को लेकर विरोध करने लगे। इसके बाद कांग्रेस महासचिव सुनील शर्मा वहां पहुंचे और धरना प्रारंभ कर दिया। कांग्रेस महासचिव सुनील शर्मा ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को भी सब्जी मंडी को शिफ्ट नहीं करने की मांग को लेकर ज्ञापन दिया था। इसके बाद रविवार को भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा एवं पूर्व मंत्री पवैया के समक्ष भी मंडी शिफ्ट करने पर विरोध जताया था।