राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर हिमस ने भारत रत्न से किया 5 का सम्मान

Jan 30 2022

ग्वालियर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर एक बार फिर उनका हत्यारा नाथूराम गोडसे चर्चा में हैं। रविवार को हिंदू महासभा ने गांधी के हत्यारे गोडसे-आप्टे के नाम से एक नया सम्मान गोडसे-आप्टे भारत रत्न पांच लोगों को सम्मानित किया है। इनमें हाल ही में गांधी-गोडसे पर टिप्पणी करने वाले संत कालीचरण और ग्वालियर के चार ऐसे युवा है जो गोडसे के मंदिर बनाने के लिए जेल जा चुके हैं।
इस मौके पर हिमस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जयवीर भारद्वाज ने कहा कि देश के लिए प्राण गंवाने वालें लोगों के लिए न कांग्रेस ने कुछ किया और न भाजपा कुछ कर रही है। इसलिए हिंदू महासभा को जिम्मेदारी लेनी पड़ी है। हम चाहते हैं गोडसे-आप्टे के देश के युवा जानें, इसलिए उनके नाम से पुरस्कार शुरू किया है। साथ ही गोडसे ने जिस भारत विभाजन का प्रतिकार किया था उसे फिर से अखंड भारत बनाने संकल्प लिया है।
दिल्ली के बिरला हाउस में 30 जनवरी 1948 को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की गोलियां मारकर हत्या की गई थी। हत्या करने वाले नाथूराम गोड़से और उनके साथी नारायण आप्टे थे। जिनको इस मामले में हत्या का मामला दर्ज कर फांसी की सजा सुनाई गई थी। 
गांधी के हत्यारे गोड़से का ग्वालियर और हिंदू महासभा से पुराना नाता है। गोड़से हिमस के सदस्य थे और गांधी की हत्या से पहले उन्होंने ग्वालियर में ही पूरी तैयारी की थी। ऐसा माना जाता है कि गांधी की हत्या में उपयोग होने वाली रिवाल्वर भी ग्वालियर-चंबल अंचल की थी। यही कारण है कि ग्वालियर हिंदू महासभा का गढ़ माना जाता है और यहां गांधी की बात चलती है तो गोड़से का जिक्र भी होता है। इसी कड़ी में 30 जनवरी रविवार को गांधी की पुण्यतिथि पर गोडसे स्मृति दिवस ग्वालियर के हिंदू महासभा भवन में मनाया गया। इस दौरान संत कालीचरण को गोडसे-आप्टे भारत रत्न पुरस्कार दिया गया। कालीचरण महाराज अभी जेल में है इसलिए उनके बदले का पुरस्कार हिमस के कार्यकर्ता प्रमोद को दिया गया। इसके अलावा गोडसे के मंदिर और मूर्तिस्थापना के कारण जेल यात्रा कर चुके अन्य युवा किशोर माहौर, पवन माहौर, आनंद और नरेश बाथम को भी यह सम्मान दिया गया।
अखिल भारतीय हिंदू महासभा ने रविवार को भारत और पाकिस्तान को एक कर अखंड भारत का संकल्प लिया। इसके बाद पूरे देश में वो इसके लिए काम करेगी। गोडसे भारत के विभाजन से नाराज थे, इसलिए अब हिमस अखंड भारत की स्थापना करेगी।
पुलिस आई और देखकर चली गई
हिंदू महासभा द्वारा महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर पांच लोगों का सम्मान किया गया। इसको लेकर पुलिस भी अलर्ट रही। जब कार्यक्रम चल रहा था तो पुलिस के दो जवान भी दौलतगंज हिंदू महासभा के भवन में पहुंचे थे। पर उनको वहां से जाने के लिए कह दिया गया। जिसके बाद पुलिस जवान चले गए, लेकिन कार्यक्रम तक वहां थाने के वाहन चक्कर लगाते रहे।