चटख धूप से मिल रही राहत

Jan 29 2022

ग्वालियर। धूप खिलने के साथ ही तापमान में तेजी से इजाफा दर्ज किया जा रहा है। बीते चार दिनों में ही दिन के अधिकतम तापमान में चार डिग्री सेल्सियस तक का इजाफा दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले चार-पांच दिनों के बीच सुबह के समय हल्की धुंध और दिन में आसमान साफ रहेगा।
बता दें कि ग्वालियर के लोग इस बार जनवरी महीने में भीषण ठंड का सामना कर रहे थे। खासतौर पर आसमान पर छाए निचली सतह के बादलों और कोहरे के चलते धूप सतह तक नहीं पहुंच पा रही थी। लेकिन, बीते दो दिनों से मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। 
शनिवार को सुबह से ही धूप निकली। हालांकि सुबह के समय हल्की धुंध देखने को मिली। लेकिन, दिन चढऩे के साथ ही धुंध साफ हो गई और धूप निकल आई। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले चार-पांच दिनों के बीच सुबह के समय हल्की धुंध देखने को मिलेगी। जबकि, दिन के समय आसमान साफ रहेगा।