नवागत एएसपी ने अधिकारियों की बैठक लेकर यातायातव्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के दियेे निर्देश

Jan 28 2022

ग्वालियर। शुक्रवार को नवागत एएसपी शहर(मध्य/यातायात) अभिनव चौकसे द्वारा यातायात के पुलिस अधिकारियों की पुलिस कन्ट्रोल रूम सभागार में बैठक ली गई। बैठक के प्रारम्भ में एएसपी शहर(मध्य/यातायात) द्वारा उपस्थित यातायात के अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया, तद्उपरान्त उनके द्वारा शहर की यातायातव्यवस्था को सुदृढ़ बनाने हेतु यातायात के समस्त अधिकारी व कर्मचारियों को प्रभावी प्रयास करने हेतु निर्देशित किया गया।
 बैठक में उन्होने कहा कि वाहन चालकों द्वारा यातायात नियमों का पालन न करने की वजह से शहर का यातायात अव्यवस्थित होता है इसके लिये वाहन चालकों को पहले यातायात के प्रति जागरूक करें और समझाइस दें और न मानने पर बगैर किसी दबाव के कार्यवाही की जाए। चौराहों पर लगे हुए जवान ड्यूटी के दौरान अच्छा गणवेश धारण कर मुस्तैदी से अपना कार्य करें। चैकिंग के नाम पर महिला तथा बुजुर्गों को अनावश्यक परेशान न किया जाए। इस अवसर पर उन्होने कहा कि किसी भी शहर की यातायात व्यवस्था उस शहर का आईना होती है क्योंकि वाहर से आने वाला व्यक्ति सबसे पहले शहर के व्यवस्थित यातायात को ही देखता है इसलिए आप सभी लोग यातायात सुधार हेतु प्रयास करें और मेहनत व लगन से अपने कर्तव्य का निर्वाहन करें।
बैठक में डीएसपी यातायात नरेश बाबू अन्नोटिया, डीएसपी यातायात विक्रम कनपुरिया, थाना प्रभारी यातायात बैजनाथ प्रजापति तथा यातायात के समस्त अधिकारीगण उपस्थित रहे।