जेएएच के वार्ड बॉय ने कैंटीन संचालक पर चाय में जहर देने का लगाया आरोप

Jan 27 2022

ग्वालियर। जयारोग्य अस्पताल के मेडिसन आईसीयू में भर्ती मरीज ने जेएच कैंपस में संचालित कैंटीन के मालिक पर चाय में जहर मिलाकर देने का आरोप लगाते हुए अपना एक वीडियो सोशल मीडिया वायरल कर दिया है। वीडियो में वह अस्पताल में भर्ती नजर आ रहा है और नाक में ऑक्सीजन पाइप लगा है। वह जेएएच में ही कैंटीन चलाने वाले एक शख्स पर उसे जहर देने की बात कह रहा है। सोशल मीडिया का वीडियो पुलिस तक भी पहुंच गया है। कंपू पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू करते हुए पीडि़त युवक से लिखित शिकायत ले ली है।
शहर के नाकाचन्द्रवदनी निवासी विजय करोसिया जीआरएमसी के माधव डिस्पेंसरी में वार्ड बॉय के रुप में पदस्थ है। विजय ने बताया कि सुबह साढ़े नौ बजे कैंपस में संचालित कैंटीन पर चाय पीने गया था। चाय की दो चुस्की लेने के बाद ही विजय को उल्टी होना शुरू हो गई। तबियत बिगड़ती देख मौके पर मौजूद विजय के साथियों ने तत्काल उसे उपचार के लिए मेडिसिन आईसीयू के पॉइजन वार्ड में बेहोशी की हालत में भर्ती कराया। उसकी हालत में सुधार आने के बाद विजय ने एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया अकाउंट से अपलोड किया है। विजय का कहना है कि उसे जहर देकर जान से खत्म करने की साजिश रची गई है।
विजय ने सोशल मीडिया पर वायरल किए वीडियो में केंटीन संचालक प्रदीप चौबे पर चाय में जहर मिलाकर पिलाने का आरोप लगाया है । जब विजय से केंटीन संचालक द्वारा जहर मिलाने का कारण पूछा तो विजय ने कहा कि मुझे उसने जहर क्यों दिया मुझे नहीं मालूम है। पर चाय पीने के बाद मेरी हालत बिगड़ी और मैं बेहोश हो गया। जिसके बाद साथियों ने मुझे यहां भर्ती कराया है। 25 साल पहले उसके पिता के साथ भी ऐसा ही कुछ हुआ था। फिलहाल विजय द्वारा दिए गए शिकायती आवेदन के बाद जांच शुरु कर दी है ।
इस मामले में कंपू थाना प्रभारी महेन्द्र कुशवाह ने बताया कि मामले की शिकायत आई है, जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य आएंगे उस आधार पर कार्रवाई की जाएगी। अभी आरोप लगाए हैं दूसरे पक्ष से भी पूछताछ की जाएगी।