बैठक में अधिकारियों को दिए निर्देश कोरोना के मामले में न बरती जाए कोताही-सिलावट

Jan 25 2022

ग्वालियर। जिले के प्रभारी एवं जल संसाधन, मछुआ कल्याण व मत्स्य विकास मंत्री तुलसीराम सिलावट मंगलवार से दो दिवसीय प्रवास पर हैं। प्रभारी मंत्री मंगलवार सुबह रेलमार्ग से ग्वालियर पहुंचे। प्रभारी मंत्री ने कंट्रोल कमांड सेंटर में अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोरोना मामलों में किसी भी प्रकार की कोताही ना बरती जाए।
प्रभारी मंत्री सुबह ग्वालियर आने के बाद मुरार सर्किट हाउस पहुंचे और इसके बाद दतिया रवाना हुए। दतिया से लौटने के बाद उन्होंने मोती महल स्थित कंट्रोल एण्ड कमाण्ड सेंटर में अधिकारियों की बैठक में कोविड की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि कोविड की तीसरी लहर में बड़ी संख्या में कोरोना के मामले सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना के मामले में लापरवाही दिखाने वालों से कड़ाई से निपटा जाए। किसी को भी ना बख्शा जाए। उन्होंने अधिकारियों को कहा कि कोविड मामले में लापवाही दिखाने वालों से अधिक-अधिक से अधिक जुर्माना वसूला जाए। उन्होंने बाजारों में सख्त चेकिंग करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि अस्पतालों में मरीजों को किसी भी प्रकार की समस्या नहीं होनी चाहिए। इसके बाद उन्होंने पिछले दिन अंचल में हुई ओलावृष्टि की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से फसलों को कितनी क्षति हुई इसकी जानकारी ली। साथ ही उन्होंने किसानों को कितनी राहत दी इस बारे में भी जानकारी ली। 
प्रभारी मंत्री सिलावट 26 जनवरी को सुबह 9 बजे एसएएफ मैदान कम्पू पर आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। इसके बाद सिलावट अन्य स्थानीय कार्यक्रमों में भाग लेने के बाद दोपहर 3.55 बजे फ्लाइट से इंदौर के लिए रवाना होंगे।