जेयू में ऑनलाइन परीक्षा की मांग को लेकर उच्च शिक्षा मंत्री के फोटो पर स्याही पोती

Jan 25 2022

ग्वालियर। जीवाजी यूनिवर्सिटी में ऑनलाइन (ओपन बुक पद्धति) परीक्षा की मांग को लेकर एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं के साथ विद्यार्थियों ने हंगामा कर दिया। जेयू के प्रशासनिक भवन के गेट पर लगभग दो घंटे तक नारेबाजी और हंगामा चलता रहा, इसके साथ ही पिछले साल ली गई फीस को समायोजित करने और रुके रिजल्ट जल्द घोषित करने की मांग भी की।
इस दौरान आंदोलनकारियों ने प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव के फोटो पर स्याही पोतने के बाद फोटो जला दिया। हंगामा बढऩे पर विश्वविद्यालय थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस और जेयू के सिक्योरिटी गार्ड के सामने ही छात्रों ने उच्च शिक्षा मंत्री के फोटो को आग लगा दी थी।
एनएसयूआई के वंश माहेश्वरी के नेतृत्व में कार्यकर्ता और विभिन्न कॉलेजों के विद्यार्थी प्रशासनिक भवन पहुंच गए थे, यहां नारेबाजी शुरू कर दी। छात्रों का कहना था कि यूनिवर्सिटी, शासन और प्रशासन की बैठकें कोरोना के खतरे की वजह से ऑनलाइन हो रही हैं, जबकि विद्यार्थियों को ऑफलाइन परीक्षा के जरिए कोरोना संक्रमण में धकेला जा रहा है।
विद्यार्थियों की नारेबाजी के बाद रजिस्ट्रार डॉ. सुशील मंडेरिया उनका ज्ञापन लेने पहुंचे, विद्यार्थियों ने ज्ञापन देने के साथ ही उच्च शिक्षा विभाग में ऑनलाइन परीक्षा के लिए पत्र भेजने तथा बीएचएमएस फर्जीवाड़ा मामले में दोषियों पर तुरंत एफआईआर कराने की मांग की, इस पर रजिस्ट्रार तथा अन्य अफसर इस मामले में चर्चा कर आंदोलनकारियों को जवाब देने की बात कहकर चले गए।
इसके बाद आंदोलनकारियों ने उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव के फोटो पर पहले स्याही डाली और इसके बाद उसे जला दिया। इसके बाद छात्रों को अफसरों ने बातचीत के लिए बुलाया और आश्वासन दिया कि अभी परीक्षा की, जो तारीख घोषित की गई हैं उन्हें आगे बढ़ा दिया जाएगा।