गणतंत्र दिवस परेड की हुई फाइनल रिहर्सल -परेड की सलामी मुख्य अतिथि प्रभारी मंत्री तुलसी सिलावट लेंगे

Jan 24 2022

ग्वालियर। गणतंत्र दिवस को लेकर तैयारियों जारी हैं। सोमवार को फायनल रिहर्सल हुई। वहीं पुलिस और प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। रोज सार्वजनिक स्थलों पर चेकिंग की जा रही है और संदिग्धों से पूछताछ हो रही है। 26 जनवरी को मुख्य समारोह कम्पू स्थित एसएएफ ग्राउण्ड पर आयोजित होगा। परेड की सलामी मुख्य अतिथि प्रभारी मंत्री तुलसी सिलावट लेंगे। कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने मुख्य समारोह को गरिमामय ढंग से आयोजित करने के लिये विभिन्न अधिकारियों को व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपी हैं। संयुक्त परेड में बीएसएफ टेकनपुर, सीआरपीएफ, एसएएफ, जिला पुलिस बल व होमगार्ड इत्यादि की टुकडिय़ां शामिल रहेंगीं। परेड की फायनल रिहर्सल सोमवार को सुबह 9 बजे हुई।
गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह में मुख्य अतिथि संयुक्त परेड की सलामी लेंगे और प्रदेश की जनता के नाम मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन करेंगे। इस अवसर पर आकर्षक विभागीय झांकिया भी निकलेंगीं। वैश्विक महामारी कोरोना की वजह से इस बार मुख्य समारोह में स्कूली बच्चे शामिल नहीं होंगे। साथ ही स्कूली बच्चों द्वारा प्रस्तुत किए जाने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी नहीं होगा। समारोह में बीएसएफ के श्वान दस्ते का प्रदर्शन होगा।
कोविड का ध्यान रखा जाएगा-कलेक्टर
गणतंत्र दिवस पर तैयारियों को लेकर कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि कोरोना गाइडलाइन का पूरा पालन किया जाएगा। सभी सुरक्षा बलों के लिए भी गाइडलाइन रहेगी। इसको लेकर प्रशासन के अधिकारियों को कहा गया है कि आयोजन स्थल पर मास्क, सैनिटाइजर से लेकर सभी आवश्यक चीजों को रखें जिससे वितरण भी किया जा सके।