नगर निगम ने चलाया मास्क ही है जिन्दगी अभियान- मास्क नहीं पहनने वालों पर लगाया जुर्माना

Jan 22 2022

ग्वालियर। नगर निगम ग्वालियर द्वारा कोरोना के संक्रमण को रोकने में मददगार मास्क का उपयोग ज्यादा से ज्यादा लोग करें। यह जागरुकता जन-जन में लाने के लिए मास्क ही है जिंदगी अभियान चलाया जा रहा है। जिसके तहत शहर के सभी सार्वजनिक स्थानों पर एवं वार्डों में अभियान चलाकर आमजनों को मास्क सही ढंग से पहनने एवं हमेशा घर से बाहर निकलते समय मास्क लगाने के लिए प्रेरित किया गया तथा मास्क का वितरण भी विभिन्न स्थानों पर किया गया। अनेक स्थानों पर मास्क न पहनने पर नागरिकों से जुर्माना भी वसूल किया गया।
निगमायुक्त किशोर कन्याल ने बताया कि मास्क ही है जिन्दगी अभियान राज्य शासन के निर्देश पर पूरे प्रदेश में चलाया जा रहा है तथा ग्वालियर में भी अभियान के तहत सभी सार्वजनिक स्थानों, सभी वार्डों में प्रमुख स्थानों के साथ ही गलियों व रोड पर भी यह अभियान चलाया जा रहा है। रोको-टोको अभियान चलेगा, विभिन्न प्रचार माध्यमों से मास्क लगाने के फायदे बताये जाएंगे। मास्क नहीं लगाने पर समझाइश के बाद चालानी कार्यवाही भी की जाएगी।
नागरिकों को समझाइश देकर बांटे मास्क नगर निगम ग्वालियर द्वारा महाराज बाडे पर उपायुक्त सत्यपाल सिंह चौहान एवं स्वास्थ्य अधिकारी भीष्म पमनानी, सहायक स्वास्थ्य अधिकारी अजय सिंह द्वारा मास्क वितरण कर नागरिकों से मास्क लगाने की अपील की गई। इसके साथ ही सेंट्रल लाइब्रेरी के सामने मास्क ही है जिन्दगी जन जागरूकता अभियान चलाया गया। वहीं कंपू तिराहे पर क्षेत्राधिकारी एवं वार्ड मॉनीटर राकेश सिंह कुशवाह द्वारा मास्क वितरण किया गया तथा जुर्माने की कार्यवाही भी की गई।