करियावटी गांव में चोरों का धावा, 20 लाख का माल चोरी

Jan 21 2022

ग्वालियर। ग्वालियर के भितरवार इलाके में करियावटी गांव में चोरों ने एक मकान पर धावा बोल दिया। चोर मकान में दाखिल हुए और गहने नगदी सहित 20 लाख का माल चोरी कर ले गए। बदमाश जब माल समेटकर भाग रहे थे तो लोगों की नजर पड़ गई, इसके बाद पीछा करने का प्रयास भी किया लेकिन तब बदमाश फरार हो चुके थे।
भितरवार के करियावटी गांव में बीपी तिवारी का मकान है, इसी मकान में वह किराने की दुकान भी चलाते हैं। खबर है कि चोरों ने बीती रात को बीपी तिवारी के मकान के ताले तोड़े और अंदर दाखिल हो गए। इसके बाद इत्मीनान से चोरों ने घर का कोना-कोना खंगाला और 20 तोला सोना, 5 किलो चांदी एवं एक लाख रुपये नगदी समेट ले गए। उधर जब भागते बदमाशों पर ग्रामीणों की नजर पड़ी तो उन्हें पकडऩे का प्रयास भी किया, लेकिन तब तक बदमाश गायब हो चुके थे। घटना की सूचना मिलते ही भितरवार थाना प्रभारी राजकुमार परमार टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। यहां पर फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट को भी बुलाया गया। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
कट्टे के साथ युवक को पकड़ा
ग्वालियर जिले की सिरोल थाना पुलिस ने क्षेत्र में कट्टा लेकर घूम रहे धीरज पुत्र अजमेर सिंह गुर्जर निवासी मेहगांव जिला भिंड को पकड़ा है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ अवैध शस्त्र अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस अब आरोपित से पूछताछ कर पता लगा रही है कि आरोपित कट्टा लेकर किस इरादे से आया था। पुलिस को आशंका है कि आरोपित कोई वारदात करने के इरादे से कट्टा लेकर घूम रहा था।