एक बार फिर खुलेआम गोलियां चलाते हुए युवक का वीडियो

Jan 21 2022

ग्वालियर। एक बार फिर में सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया है। वीडियो में एक युवक अपने दोस्तों के साथ सड़क पर राइफल लोड और फायरिंग करते हुए दिख रहा है। यह वीडियो काफी तेजी से चर्चित हो रहा है। सोशल मीडिया पर यह वीडियो गुरुवार रात को वायरल हुआ है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने इसको जांच में लेकर छानबीन शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह वीडियो नदीपार टाल की अशोक कॉलोनी का बताया जा रहा है, लेकिन अभी कुछ स्प्ष्ट नहीं है। पुलिस की साइबर टीम वीडियो में दिख रहे युवकों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। 7 दिन में चंबल मेंं सोशल मीडिया पर तीन फायरिंग के वीडियो सामने आ चुके हैं।
ग्वालियर के सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आने के बाद पुलिस अफसर चकरघिन्नी हो गए हैं। वीडियो में एक युवक अपने ही दो हम उम्र दोस्तों के साथ नजर आ रहा है। जिसके बाद वह राइफल हाथ में उठाता है और उसको झटके से लोड करता है, लेकिन एक बार में राइफल लोड नहीं होती। युवक दो से तीन बार हाथ मारता है उसके बाद सड़क पर फायर करता है। यह पूरा वीडियो सिर्फ 7 सेकेंड का है, लेकिन सोशल मीडिया से लेकर पुलिस के बीच हलचल मचाने के लिए काफी था। इस सात सेकेंड के वीडियो के बारे में पुलिस पता लगा रही है।
ग्वालियर-चंबल अंचल में हथियारों को लेकर क्रेज है यह किसी से छुपा नहीं है। यही कारण है कि यहां बीते 7 दिन में 3 ऐसे मामले सामने आ चुके हैं जिसमें सोशल मीडिया पर फायरिंग करने का वीडियो अपलोड किया हो। 7 दिन पहले सिरोल के एक ढाबा पर पार्टी करने के बाद कुछ युवकों ने कट्टा लहराते हुए वीडियो वायरल किया था। जिस पर पुलिस ने सोशल मीडिया पर अपलोड किए गए वीडियो से उनकी पहचान कर गिरफ्तार किया था। अभी 2 दिन ही हुए थे कि फिर नया वीडियो सामने आ गया। जिसमें सड़क पर खुलेआम एक कुर्ता पायजामा पहले लड़का फायरिंग कर रहा है। यह वीडियो यीशु नाम से इंस्टाग्राम पर वायरल हुआ था। इसका अभी तक पता नहीं चला है।
 इस मामले में पुलिस अफसरों का कहना है कि पुलिस की साइबर टीम लगातार इस तरह के मामलों पर नजर रख रही है। सोशल मीडिया पर कोई भी हर्ष फायरिंग या ऐसा वीडियो आता है जिससे माहौल बिगड़ सकता है तो साइबर और आईटी की टीम तत्काल हरकत में आ जाती हैं। साइबर टीम सोशल मीडिया पर अपलोड वीडियो के जरिए आरोपियों तक पहुंचने का रास्ता निकाल लेती है। 7 दिन पहले िसरोल के एक वीडियों में पुलिस ने इसी तरह तीन आरोपियों को पकड़ा था।