ठंड का कहर जारी, अब बारिश की संभावना...

Jan 20 2022

ग्वालियर। गुरुवार की सुबह घने कोहरे के साथ हुई है। कोहरा इतना घना था कि सुबह 6 बजे दृश्यता 20 मीटर तक ही रह गई है। कुछ -कुछ इलाकों में यह शून्य तक भी पहुंच गई। गुरुवार को न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रात के तापमान में मामूली उछाल से अन्य दिनों की तुलना में ठंड से मामूली राहत है, लेकिन इसके बाद भी ठंड का कहर जारी है। अगले 48 घंटे में बारिश की भी संभावना बन रही है। जिससे ठंड पर कुछ समय के लिए ब्रेक लगेगा, लेकिन 24 जनवरी को बाद फिर कड़ाके की ठंड का दौर जारी रहेगा।
हल्की धूप से मिली राहत
ग्वालियर-चंबल अंचल में ठंड का कहर अभी भी जारी है। गुरुवार को भी शहर में घना कोहरा छाया रहा, 15 से 20 मीटर तक ही दृश्यता रह गई थी। न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ, जो सामान्य से 0.8 अधिक था। इससे रात में ठंड में मामूली कमी आई है। कोहरे के कारण सूर्य उदय से पहले शून्य दृश्यता रही, इससे सड़क व रेल यातायात प्रभावित रहा। गुरुवार दोपहर हल्की सी धूप निकली है जिससे मामूली राहत है। मौसम विभाग की माने तो 21, 22 व 23 जनवरी के बीच ग्वालियर सहित अंचल के अन्य शहरों में बारिश के आसार हैं। कहीं-कहीं हल्के आकार के ओले भी गिर सकते हैं। बारिश के कारण तीन दिन तक शहर को कड़ाके की ठंड से राहत रहेगी, पर 24 जनवरी से फिर से कड़ाके की ठंड की शुरुआत होगी। कोहरा, सीवियर कोल्ड डे, शीतलहर का सामना करना होगा।
48 घंटे में बारिश की संभावना
वेदप्रकाश मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि 21 जनवरी को नया चक्रवात आ रहा है। इससे कोहरे में कमी आएगी और धूप निकलने से दिन का तापमान मामूली रूप से बढ़ेगा। इसके बाद 21 से 23 जनवरी के बीच ग्वालियर-चंबल संभाग में बारिश के आसार हैं। कहीं-कहीं ओले भी गिर सकते हैं। 24 जनवरी से फिर से नया ठंड का दौर शुरू होगा और कोहरा भी छाएगा।