उफ... मार डाला ठंड ने! जनजीवन अस्त-व्यस्त

Jan 18 2022

ग्वालियर। जनवरी माह के तीसरे सप्ताह में कड़ाके की ठंड ने शहर का जनजीवन अस्त-व्यस्त कर रखा दिया है। मंगलवार को सुबह लोग जागे तो बाहर कोहरा देखकर घर से निकलने की हिम्मत ही नहीं जुटा पाए, चूंकि एक तो कोहरा और दूसरा हाड़ कंपा देने वाली ठंड। आवश्यक कार्यों से ही लोग घरों से बाहर निकले। बाजार, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, सरकारी दफ्तर और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों की आवाजाही कम देखने को मिली है।
सड़कों पर वाहन रेंग रेंगकर चलते नजर आए। तापमान में लगातार गिरावट आती जा रही है। शीतलहर चलने के कारण लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। पहले सुबह और शाम के समय लोगों को ज्यादा ठंड का अहसास हो रहा था, लेकिन अब तो पूरे समय सर्दी से बुरा हाल है। ऐसे में छोटे बच्चों का ज्यादा बुरा हाल है। लोग अलाव जलाकर ठंड को दूर कर रहे हैं। 
बाजारों पर पड़ रहा प्रभाव
ठंड का असर बाजार की व्यवस्था पर भी असर देखने को मिल रहा है। ठंड के कारण ग्रामीण क्षेत्र से ग्राहक बाजार का रुख नहीं कर रहे हैं। जिस तरह अब ठंड बढऩी शुरू हुई है उसे देखकर लगता है कि आने वाले दिनों में तापमान में और भी ज्यादा गिरावट आएगी।
मुंह से निकल रही भांप
मंगलवार सुबह 11 बजे तक सूरज नजर नहीं आया। इससे बेहद सर्द हवा शूल की तरह से चुभी। लोगों के मुंह से भांप निकल रही है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले तीन दिनों में मौसम में बदलाव के आसार हैं और सुबह घने कोहरे के बाद सर्द हवा का प्रकोप जारी रहेगा। 20 और 21 जनवरी को बारिश के आसार बन रहे हैं।