ग्वालियर में ठंड का कहर जारी घने कोहरे में लिपटी थी सुबह, सोमवार को 4.7 डिग्री सेल्सियस रहा तापमान

Jan 17 2022

ग्वालियर। कड़कड़ाती ठंड और उसका कहर जारी है। बीते दो दिनों की तरह सोमवार की सुबह भी कोहरे में लिपटी नजर आई। कोहरा इतना घना था कि 25 मीटर तक भी दिखाई नहीं दे रहा था। सड़कों पर वाहनों की रफ्तार थम सी गई थी। सोमवार को न्यूनतम तापमान 4.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। जिस कारण लोगों को ठंड का अहसास हुआ है। दोपहर तक धूप नहीं निकलने से दिन भी शीतल रहने की संभावना है।
ग्वालियर शहर के अलावा ग्वालियर-चंबल अंचल के अन्य शहर शिवपुरी, भिंड, मुरैना, दतिया व श्योपुर में भी ठंड के ठाठ बरकरार हैं। यहां भी न्यूनतम तापमान 5 या उसके आसपास बना हुआ है। दिन में भी लोगों को अलाव का सहारा लेना पड़ रहा है। मौसम विभाग की माने तो अगले 24 घंटे मौसम ऐसा ही रहने वाला है।
जम्मू कश्मीर से आ रही बर्फीली हवा से शहर का मौसम बदल गया है। सोमवार को न्यूनतम तापमान 4.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ, जो सामान्य से 2 डिग्री कम था। इस कारण लगतार तीसते दिन भी ठंड के ठाठ बरकरार हैं। रात में हाड़ कंपाने वाली ठंड से सामना कपना पड़ा। सूर्य उदय के बाद घना कोहरा छा गया, जिससे सुबह से धूप तक नहीं निकली है। लोगों को कंपाने वाली ठंड का सामना करना पड़ा। लगातार तीसरे दिन भी तीव्र शीतल दिन रह सकता है, जिससे कड़ाके की ठंड रहेगी। ठंड के कारण लोगों की दिनचर्या बदल गई है। सुबह देर से हो रही है। सड़कों पर भीड़ भी कम है।
सिर्फ 25 मीटर ही रह गई थी दृश्यता
सोमवार सुबह की शुरुआत कोहरा के बीच हुई है। सोमवार सुबह 6.30 बजे करीब 25 मीटर ही दृश्यता रह गई थी। जिस कारण सड़कों पर वाहनों की रफ्तार पर भी ब्रेक लगा है। मौसम विभाग की माने तो अगले 48 घंटे में घना कोहरा ग्वालियर-चंबल अंचल में अपनी उपस्थिति कराएगा।