सोशल मीडिया पर राइफल से सड़क पर फायरिंग करते का नेता का वीडियो आया सामने

Jan 16 2022

ग्वालियर। एक बार फिर सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया है। वीडियो में एक युवक अपने दोस्तों के साथ सड़क, मोहल्ला व अन्य जगह राइफल से फायरिंग करते हुए दिख रहा है। यह वीडियो काफी तेजी से चर्चित हो रहा है। सोशल मीडिया पर जिस नाम से बने अकाउंट से यह जारी किया गया है वह यीशु है। पुलिस के पास भी वीडियो पहुंचा है और पुलिस अब इस यीशु का पता लगा रही है। पुलिस अफसरों का कहना है कि साइबर टीम इस वीडियो के बारे में जानकारी जुटा रही है।
रविवार को ग्वालियर के सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आने के बाद पुलिस अफसरों में हलचल मची है। वीडियो में एक युवक अपने ही दो हम उम्र दोस्त के साथ नजर आ रहा है। जिसके बाद वह राइफल से पहले गली में फायर करता है। इसके बाद एक मैदान और सड़क पर भी फायरिंग करता हुआ दिख रहा है। युवक सफेद रंग का कुर्ता पायजामा पहने हुए हैं और ऊपर से क्रीम कलर की नेहरू कट जैकेट पहने हुए है। उसका यह वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है और यह कुछ ही देर में काफी चर्चित हो गया है।
जब पुलिस ने जानकारी जुटाई तो देखा कि सोशल मीडिया के माध्यम इंस्टाग्राम पर यीशु नाम की आईडी से यह वीडियो अपलोड हुआ है। यह आईडी किसी यीशु नाम से बनी है। भाजयुमो नेता भी लिखा है। यह यीशु कौन है और कहां का रहने वाला है, यह अभी तक पुलिस को पता नहीं चला है। पर पुलिस की साइबर टीम पता लगा रही है कि यह खुलेआम राइफल कौन लहरा रहा है और यह यीशु कौन है। पता चलते ही पुलिस कार्रवाई करने की बात भी कह रही है।
तीन दिन में दूसरा वीडियो
ग्वालियर-चंबल अंचल में हथियारों को लेकर क्रेज है यह किसी से छुपा नहीं है। यही कारण है कि यहां बीते तीन दिन में दो ऐसे मामले सामने आ चुके हैं जिसमें सोशल मीडिया पर फायरिंग करने का वीडियो अपलोड किया हो। तीन दिन पहले सिरोल के एक ढाबा पर पार्टी करने के बाद कुछ युवकों ने कट्टा लहराते हुए वीडियो वायरल किया था। जिस पर पुलिस ने सोशल मीडिया पर अपलोड किए गए वीडियो से उनकी पहचान कर गिरफ्तार किया था। अभी दो दिन ही हुए थे कि फिर नया वीडियो सामने आ गया।
इस मामले में एएसपी क्राइम राजेश दंडौतिया ने बताया कि सोशल मीडिया पर तीन दिन पहले वीडियो वायरल हुआ था। उसके आरोपियों को पकड़ लिया गया है। यह वीडियो के बारे में भी पता लगाया जा रहा है।