सुनील शर्मा ने मंडी कारोबारियों के साथ धरना दिया

Jan 15 2022

ग्वालियर। निगम द्वारा हजीरा की सब्जी मंडी में दुकान लगाने वाले सब्जी विक्रेताओं, मुख्य मार्ग और मोहमद गौस मकबरे के आसपास लगने वाले फुटपाथ व हाथ ठेला कारोबारियों को इंटक मैदान स्थित हॉकर्स जोन में शिफ्ट करने के लिए निगम द्वारा सब्जी मंडी की दुकाने तोडऩे का मामला गर्माया गया है। सब्जी कारोबारियों के समर्थन में कांग्रेस नेता उतर आए हैं वह शनिवार की सुबह मंडी कारोबारियों की बीच पहुंचे और उन्होंने जो कार्रवाई की गई हैं उसका विरोध किया। 
दूसरी ओर बुधवार को जिन कारोबारियों के चबूतरे तोड़े गए हैं वह भी लागातर मंडी में प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने विरोध में रामधुन गाई। मंडी में कांग्रेस नेता व कारोबारियों की विरोध के देखते हुए सुबह ही मंडी में पुलिस बल भी पहुंच गया। 
गौरतलब है कि निगम के अमले ने बुधवार को तीन जेसीबी मशीनों की मदद से सब्जी मंडी में बने हुए पक्के चबूतरे भी तोड़ दिए। इस दौरान कोई भी अप्रिय घटना न घटे, इसके लिए मौके पर भारी पुलिस बल मौजूद था। नगर निगम के अमले ने 464 व्यवसायियों को इंटक मैदान में शिफ्ट कराया। नगर निगम द्वारा पिछले कई दिनों से लगातार इस क्षेत्र में अनाउंसमेंट कराया जा रहा था कि दुकानदार स्वेच्छा से ही इंटक मैदान में शिफ्ट हों, लेकिन कोई भी व्यवसायी वहां नहीं पहुंचा था।