ग्वालियर पूर्व विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों में लाएं गति: गोयल

Jan 14 2022

ग्वालियर। ग्वालियर पूर्व विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत अपेक्षित विकास कार्यों को गति मिले तथा स्वीकृत विकास कार्य तत्काल पूर्ण कराये जायें और मूलभूत सुविधाओं से संबंधित विभिन्न समस्याओं का निराकरण प्राथमिकता के आधार पर संबंधित अधिकारियों द्वारा किया जाए। उक्ताश्य के निर्देश मप्र राज्य बीज एवं फार्म विकास निगम के अध्यक्ष मुन्नालाल गोयल ने निगम अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए दिये। बैठक में नगर निगम आयुक्त किशोर कन्याल विडियों कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए। इसके साथ ही अपर आयुक्त अतेन्द्र सिंह गुर्जर एवं आरके श्रीवास्तव, उपायुक्त एपीएस भदौरिया, अधिक्षण यंत्री जेएन पारा, सीसीओ प्रेम पचौरी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं विभिन्न वार्डों के जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। 
बाल भवन में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान गोयल ने कहा कि पूर्व विधानसभा क्षेत्र के बीएलसी योजनातंर्गत पट्टाधारी लगभग 320 हितग्राहियों को योजना का लाभ प्रदान किया जाए। जिसको लेकर निगमायुक्त कन्याल ने बताया कि सभी का प्रस्ताव स्वीकृति हेतु शासन को भेजा जा रहा है तथा अन्य जो छूट गए हैं उन्हें भी जोड लिया जाएगा। बैठक में मुरार नदी के दोनो ओर हुरावली से जडेरूआ तक रिंग रोड बनाये जाने के लिये डीपीआर तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिये। जिसको लेकर निगमायुक्त श्री कन्याल ने बताया कि मुरार नदी की डीपीआर गत दिवस मेरे पास आ गई है। जिस पर चर्चा की जाना है। वार्ड के जनप्रतिनिधियों द्वारा बताया गया कि मुरार नदी के आस पास की कॉलोनियों की सीवर मुरार नदी में न आये इसके लिये अलग से योजना बनायें। उन्होंने विधानसभा क्षेत्र में अधूरी पडी एवं पूर्व स्वीकृत सडको का काम पूर्ण करने एवं नया काम शीघ्र शुरू कराने के निर्देश दिये। इसके साथ ही विधानसभा क्षेत्र में वार्ड स्तरीय प्रस्तावित विकास कार्यो (सी.सी. सडक, नाली निर्माण आदि) को मास्टर फाइल में जोडकर पूर्ण कराये जाने को लेकर चर्चा करते हुए निगमायुक्त कन्याल ने बताया कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र की एक-एक मास्टर फाइल 10-10 करोड़ रुपए की बना दी गई है। जिसमें यह सभी कार्य हो जाएगें। गोयल ने विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत चार योगा पार्क बनाने एवं तीन या चार विकशित फूलबाग की तर्ज पर चौपाटी बनाने एवं सुगम यातायात व्यवस्था के लिये विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत दीनदयाल नगर, गोला का मंदिर, नदी पार टाल एवं मुरार घासमंडी में हॉकर्स जोन बनान एवं पिंटो पार्क के अधूरे हॉकर्स जोन को पूर्ण करने हेतु कार्यवाही करने के निर्देश दिये।