जेयू में एनएसयूआईं का प्रदर्शन, वाटर कैनन का प्रयोग कर भीड़ को खदेड़ा

Jan 11 2022

ग्वालियर। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन ने मंगलवार दोपहर जीवाजी विश्वविद्यालय में प्रदर्शन किया। एनएसयूआइ के हंगामे की जानकारी लगते ही भारी संख्या में पुलिस बल भी मौके पर पहुंच गया। कार्यकर्ताओं को समझाईश दी गई, लेकिन जब वह जेयू के दरवाजे से नहीं हटे तो पुलिस ने वाटर कैनन का प्रयोग करके भीड़ को तितर बितर कर दिया। इसके बाद भी जब कार्यकर्ता हंगामा करते रहे तो पुलिस ने लाठीचार्ज करके भीड़ को खदेड़ दिया। कुछ ही मिनट में परिसर से भीड़ गायब हो चुकी थी।
एनएसयूआइ कार्यकर्ताओं की भीड़ ने मंगलवार को दोपहर जीवाजी विश्वविद्यालय परिसर में खासा हंगामा किया। एनएसयूआइ के कार्यकर्ता धारा 52 लगाने की मांग कर रहे थे। साथ ही शिक्षक भर्ती में गड़बड़ी के साथ ही छात्रों की समस्या की सुनवाई नहीं होने पर भी खासे नाराज थे। प्रदर्शन के दौरान जब कार्यकर्ताओं ने जेयू में दाखिल होने का प्रयास किया तो प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दे दी। 
इसके बाद भारी संख्या में पुलिस बल जीवाजी विश्वविद्यालय पहुंच गया। यहां पर बैरिकेड्स लगाकर कार्यकर्ताओं की भीड़ को कंट्रोल करने का प्रयास किया गया। साथ ही कार्यकर्ताओं को चेतावनी दी गई कि वह विश्वविद्यालय में किसी प्रकार का हंगामा न करें। इसके बाद भी जब कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए जेयू में दाखिल होने का प्रयास किया तो पुलिस ने कार्यकर्ताओं पर वाटर कैनन का प्रयोग किया। हालांकि इसके बाद भी कार्यकर्ता पीछे हटने को तैयार नहीं थे और नारेबाजी जारी रही। इसके बाद पुलिस ने लाठियों का प्रयोग कर भीड़ को परिसर से खदेड़ दिया। इसके बाद जो परिसर में हंगामा करते दिखा उसको पुलिस वैन में बैठा दिया गया। इस दौरान भी कार्यकर्ता जमकर नारेबाजी करते रहे।